छावनी के पूजा विहार से एसडी नेचर क्योर में बेटे को एक्सरसाइज कराने लेकर आ रही मां की एक्टिवा को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे मां पदमावती समेत दोनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों को छावनी के नागरिक अस्पताल में पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस तरह मां के सामने ही दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया। मामले में महेश नगर थाना पुलिस ने ट्रक चालक एवं उत्तर प्रदेश के बहादुर नगर निवासी बिलाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसा जगाधरी हाईवे पर टांगरी बांध के ओवरब्रिज पर करीब 11 बजे हुआ।
बेटी को नहीं भेजा था स्कूल
पुलिस को दिए बयान में मां पदमावती ने बताया कि वह रोटरी अस्पताल में बतौर स्टाफ नर्स नौकरी करती है। उसके दो बच्चे हैं जिसमें 10 वर्षीय बेटी दानी और 4 वर्षीय बेटा दक्ष है। बेटा चल फिर नहीं सकता। इसीलिए वह अपने बेटे को नागरिक अस्पताल के नजदीक जगाधरी रोड पर एसडी नेचर केयर एक्सरसाइज के लिए रोजाना लेकर आती है। शुक्रवार को उसने 5वीं में पढ़ने वाली बेटी दानी की स्कूल से छुट्टी करा ली थी और बेटा-बेटी को सुबह 11 बजे लेकर एक्टिवा पर बैठा कर एसडी नेचर केयर में लेकर आ रही थी।
ओवरब्रिज पर हुआ हादसा
रोटरी अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स पदमावती जब टांगरी पुल पर पहुंची ट्रक चालक ने एक्टिवा के पीछे से टक्कर मार दी। इसी टक्कर के चलते एक्टिवा समेत तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में उसे जहां हल्की चोटें आई है वहीं दोनों बच्चों के सिर पर गहरी चोटें आई। इसी के चलते दोनों बच्चे गंभीर हालत में बेसुध हो गए। जिस ट्रक से हादसा हुआ है वह पंजाब नंबर है और चालक बिलाल ट्रक को जगाधरी की ओर से पंजाब लेकर जा रहा था।