अंबाला शहर में वॉल पेंटिंग बनाता अभास ।
- फोटो : Ambala
अंबाला सिटी। स्वच्छ सर्वेक्षण में अंबाला शहर की रैंकिंग सुधारने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की कवायद भी शुरू हो गई है। नगर निगम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के प्रयास के साथ ही इसकी चुनिंदा इमारतों और भवनों की दीवारों पर वॉल पेंटिंग कराएगा। शहर की रंग-बिरंगी दीवारें सामाजिक बुराइयों से लड़ने का संदेश देंगी।
शहर की प्रमुख दीवारों को रंगने की खातिर नगर निगम की ब्रश एंड स्टोन कंपनी के कलाकारों के साथ सहयोग के लिए सहमति बनी है। कलाकार अभास खेरा शहर की विभिन्न दीवारों पर 100 से अधिक पेंटिंग बनाएंगेे। स्वच्छ सर्वेक्षण में अंबाला की रैंकिंग में सुधार हो, इसके लिए नगर निगम ने कई प्रयास किए हैं। इसी कड़ी में पिछले दिनों निगम की टीम ने संस्थाओं और लोगों से वॉल पेंटिंग करने के लिए आग्रह किया था। मगर, किसी सामाजिक संस्था की ओर से सहयोग नहीं मिला। इसके बाद ब्रश एंड स्टोन कंपनी से संपर्क किया गया। अब कंपनी के कलाकार शहर के प्रमुख भवनों, इमारतों की दीवारों पर चित्रकारी करते हुए अंबाला शहर को सुंदर बनाएंगे।
पिछली बार टॉप-100 में था अंबाला
गत वर्ष हुए स्वच्छ सर्वेक्षण में अंबाला जिले का नाम टॉप-100 सूची में 90वें स्थान पर था। रैंकिंग को और बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। निगम के मुताबिक कोशिश है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में अंबाला का नाम टॉप-50 या उससे बेहतर सूची में आए। यही वजह है कि वॉल पेटिंग के अलावा अन्य प्रयास भी किए जा रहे हैं।
--
वॉल पेंटिंग से जहां शहर सुंदर बनता है, वहीं इसके जरिए लोगों जागरूक करने के लिए सामाजिक संदेश भी दिए जा सकते हैं। उसी कड़ी में वॉल पेंटिंग करवाने का कार्य किया जा रहा है।
- शक्तिरानी शर्मा, मेयर, अंबाला।