संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। ईस्माइलपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मलोर गांव निवासी साहिल सिंह के रूप में हुई है। हादसे में साहिल की दाहिनी टांग में फ्रैक्चर हो गया।
साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 11 जनवरी की शाम ईस्माइलपुर एक्सिस बैंक के पास से गुजर रहा था। इस दौरान एक काले रंग की बिना नंबर वाली बाइक ने उसकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर तीन युवक सवार थे, जो भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस को दी शिकायत में साहिल ने बताया कि उसके परिजनों ने अपने स्तर पर तफ्तीश कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पता चला है कि आरोपी युवक सहारनपुर (यूपी) के थाना चिलकाना के अंतर्गत आने वाले मानकपुर गांव के रहने वाले हैं और वे यहां भूसा (तूड़ी) का काम करते हैं।