अंबाला सिटी। मानव चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में पैसे जमा कराने गए युवक को झांसे में लेकर 25 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने युवक को बैंक खाते में ऑनलाइन पैसे भेजने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर नकदी ले ली और फरार हो गया।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
न्यू विजय नगर निवासी अभिषेक कुमार ने बताया कि वह मानव चौक स्थित पीएनबी के एटीएम में कैश जमा कराने गया था। इस दौरान एक युवक ने उससे कहा कि वह उसके खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर देता है, बदले में उसे कैश दे दे।
आरोपी ने अभिषेक को अपने मोबाइल में ऑनलाइन पेमेंट की डिटेल दिखाई। हालांकि, अभिषेक के खाते में पैसे क्रेडिट नहीं हुए। पैसे न आने पर दोनों बैंक के अंदर गए। यहां काउंटर पर मौजूद महिला कर्मचारी ने कहा कि इस तरह के ट्रांजेक्शन में एक से दो घंटे का समय लग सकता है। बैंककर्मी की बात पर भरोसा करके अभिषेक ने आरोपी को 25,000 रुपये नकद दे दिए। इसके बाद आरोपी ने वह फर्जी डिटेल अभिषेक के व्हाट्सएप नंबर पर भी भेज दी।