घायल दिपांशु को ले जाते हुए स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
अंबाला सिटी। कमल विहार में शनिवार को हमलावरों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घायल की पहचान पंजाब के सरहिंद निवासी 19 वर्षीय दीपांशु के रूप में हुई है। शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पर इकट्ठा हो गए।
इसी दौरान हमलावर वहां से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार दीपांशु पंजाब के सरहिंद में रहता है। अंबाला वह मोती नगर स्थित अपने घर पर आया हुआ था। यह हमला रंजिशन किया गया था। शनिवार को दीपांशु अपने छोटे भाई हर्ष और दोस्त हिमांशु के साथ कमल विहार में पैदल जा रहे था, इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद अन्य युवक तो अपनी जान बचाने के लिए भागे मगर दीपांशु हमलावरों के हत्थे चढ़ गया।
हमलावरों ने दीपांशु के पेट और बाजू पर चाकू से कई वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद डायल 112 की मदद से घायल दीपांशु को सिटी के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सद्दोपुर के एमएम अस्पताल में रेफर कर दिया । गंभीर हालत के चलते वहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया। बताया जाता है कि दीपांशु के साथ पुरानी रंजिश के चलते ही उस पर हमला किया गया है। इधर अंबाला सिटी पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
पहले दीपांशु की हुई थी कहासुनी
चौकी नंबर एक प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि फिलहाल घायल के बयान लिए जाएंगे। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी। पता चला है कि इससे पहले हमलावरों के साथ दिपांशु की कहासुनी हुई थी।