बेगोमाजरा गांव में लखबीर सिंह के सामने उसके पिता जसमेर सिंह पर तूड़ी भरने वाली टांगली और गंडासी से हमला किया गया। सोमवार शाम की घटना में बेटे को भी चोटें लगी। लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी धमकी देकर चले गए। घायलों ने नागरिक अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस में शिकायत दी। सदर थाने में निर्मल सिंह और उसके भाई निरमैल सिंह पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई।
लखबीर के अनुसार मैं खेतीबाड़ी करता हूं। सोमवार शाम करीब छह बजे जब मैं खेत से ट्राली में तूड़ी भरकर लाया था। आधी तूड़ी अपने बाड़े में उतार दी थी। उसी समय निर्मल सिंह और उसका भाई निरमैल सिंह वहां आए और मुझे गालियां देने लगे। निर्मल के हाथ में तूड़ी उतारने वाली टांगली और निरमैल के हाथ में गंडासी थी। उसी दौरान मेरे पिता जसमेर सिंह भी वहां आ गए। दोनों भाइयों ने हथियारों से पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। निर्मल ने टांगली मेरे पिता के सिर पर चोट मारी और निरमैल ने गंडासी से वार किया। इससे उनकी आंख और सिर पर चोट लगी। मुझे भी चोटें आईं। लखबीर के अनुसार ये लोग हर सीजन के समय हमारे से झगड़ा करते हैं। एसआई सुरेश सैनी के अनुसार आरोपियों की तलाश जारी है, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।