संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट के टांगरी की जद में बसे न्यू टैगोर गार्डन में मंगलवार गली में पशु बांधने को झगड़ा हो गया। इस मारपीट में 42 वर्षीय इंद्रजीत, उनकी पत्नी पूजा व साली प्रीति चोटिल हो गई। खून से लथपथ हालत में इंद्रजीत परिवार के साथ पहले महेश नगर थाने पहुंचा। पुलिस ने उन्हें मेडिकल के लिए कैंट के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया तो दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंच गए।
इस बीच दोनों में हाथापाई हो गई। घायल इंद्रजीत ने आरोप लगाया कि अस्पताल में भी आकर उसके एक युवक ने थप्पड़ मारा। हालांकि स्टाफ के इकट्ठे होने पर हमलावर भाग गए। उधर, इमरजेंसी में दाखिल मरीज भी सहम गए।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घायल इंद्रजीत ने गली में ही रहने वाले हमलावरों द्वारा घर पर तोड़फोड़ के आरोप लगाए।