संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-9 में एक शातिर चोर ने अलमारी का लॉक ठीक करने के बहाने महिला के घर से करीब 12 लाख रुपये के सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। यह वारदात 9 फरवरी को दोपहर करीब 3:20 बजे की गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सेक्टर-9 निवासी पूजा शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक संस्थान में पढ़ाती हैं। 9 फरवरी को दोपहर करीब 3:20 बजे उनके घर के बाहर से एक व्यक्ति अलमारी की चाबियां और लॉक ठीक करने की आवाज लगाता हुआ जा रहा था। घर की अलमारी का लॉक खराब होने के कारण उन्होंने उसे ठीक करने के लिए अंदर बुला लिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने लॉक ठीक करने में काफी समय लगाया। इसी दौरान उसने बड़ी चालाकी से अलमारी के लॉकर में रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए, इतना ही नहीं चोरी का पता जल्दी न चले इसके लिए उसने लॉकर के लॉक को इस तरह खराब कर दिया ताकि उसके जाने के बाद कोई उसे खोल न पाए। थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल का मुआयना कर चुकी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके। कुछ व्यक्तियों की फोटो कब्जे में ली गई है। इसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।