अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रवाना हुई ट्रेन में सोमवार शाम झपटमारी की वारदात सामने आई है। ट्रेन के जनरल कोच में बैठी एक 55 वर्षीय महिला के गले से झपटमार करीब 16 ग्राम सोने की चेन व लॉकेट छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। जीआरपी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बराड़ा के सिंगपुरा गांव निवासी अमरजीत कौर ने बताया कि वह 10 मई की शाम करीब 7:40 बजे ट्रेन नंबर-64504 अंबाला-सहारनपुर मैमू में अंबाला कैंट से बराड़ा जा रही थीं। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म से चली और स्टेशन पार किया, तभी उनके पास बैठे एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया। आरोपी ने लाल रंग की टी-शर्ट और लाल टोपी पहनी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रेलवे कॉलोनी की तरफ चलती ट्रेन से कूद गया। पीड़िता के अनुसार छीनी गई चेन का वजन 14.285 ग्राम और लॉकेट करीब 2 ग्राम का है। जीआरपी ने चोरी की धारा 304 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की तफ्तीश एएसआई सुखबीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।