अंबाला सिटी। मिलाप नगर इलाके में रहने वाली शिखा भटनागर के परिवार को बंधक बनाने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने व 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि इस पूरे आपराधिक षड्यंत्र का मास्टरमाइंड भांजा व साला है। आरोपियों ने तीन माह पहले गाड़ी भी जबरन हड़प ली व 11 मई को दोबारा घर में घुसने का प्रयास किया। अंबाला सिटी थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रोहित कुमार, वारिस वर्मा, तुषार शर्मा, राहुल कुमार, रिंकू उर्फ चेला, सोमेश, सोनू व कुलदीप पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। यह कार्रवाई संगठित अपराध 111(2), रंगदारी 308(4), आपराधिक विश्वासघात316(2),आपराधिक धमकी 351(2) की धाराओं के तहत की गई है।
तीन माह पहले छीन ली थी गाड़ी, बड़ी वारदात की आशंका
मिलाप नगर निवासी शिखा भटनागर ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनका पूरा परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है, उनके पति का सगा भांजा रोहित कुमार और सगा साला वारिस वर्मा कुछ अन्य आरोपियों के साथ मिलकर पूरे परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोपी लगातार फोन कॉल पर गाली-गलौज कर रहे हैं व 12 लाख रुपये की अवैध मांग यानी रंगदारी मांग रहे हैं। रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। लगभग तीन महीना पहले रोहित और वारिस ने उनके पति से जबरन उनकी गाड़ी छीन ली थी, जिसका इस्तेमाल अब किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए किए जाने की आशंका है।
पीड़िता का आरोप कि डर के मारे बच्चे ने स्कूल जाना भी छोड़ा
पीड़िता शिखा भटनागर का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व रात करीब 10 बजे दर्जनभर नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुसने लगे। उस समय घर में वह, उनकी दिल की मरीज बुजुर्ग सास व एक छोटा बच्चा था। इस घटना के बाद से बच्चा इतना सहम गया है कि उसने डर के मारे स्कूल जाना भी छोड़ दिया है। आरोप है कि बदमाशों में शामिल कई आरोपियों पर आर्म्स एक्ट व अन्य संगीन धाराओं के तहत कई जिलों में प्राथमिकी दर्ज है। लगातार उनके परिवार की रेकी कर रहे हैं और घर से बाहर निकलते ही पीछा करते हैं। पीड़िता ने धमकियां मिलने की कॉल डिटेल पुलिस को सौंपी है।