संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। बादशाही बाग में एक युवक ने गली में टहल रही बुजुर्ग विधवा राममूर्ति को पेंशन बढ़वाने का झांसा देकर सोने के कुंडल ठग लिए। आरोपी ने पहले बुजुर्ग महिला को पेंशन के लिए फोटो खींचने की बात कही थी। तभी अचानक बोला कि अगर फोटो में आभूषण आए तो पेंशन नहीं लगेगी।
जब बुजुर्ग ने कानों से सोने के कुंडल उतारकर हाथ में पकड़े लिए तो आरोपी बातों में उलझाकर आभूषण लेकर बिना नंबर की बाइक पर भाग गया। पुलिस ने पीड़िता राममूर्ति की तहरीर पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
चार हजार रुपये पेंशन और बढ़वाने का दिया झांसा : पीड़िता राममूर्ति ने बताया कि 16 जनवरी को वह दोपहर के समय खाना खाने के बाद गली में टहल रही थीं। दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर बिना नंबर की बाइक पर एक युवक आया। उसने झांसा दिया कि वह उनकी चार हजार रुपये की पेंशन बढ़ा देगा। जब बुजुर्ग महिला ने कहा कि उनकी पेंशन पहले से आ रही है तो ठग ने कहा कि वह और ज्यादा पेंशन दिलवा देगा।
झांसे में लेने के बाद आरोपी ने फोटो लेने के बहाने सोने के कुंडल उतरवा लिए। गली में शोर न मचे इसलिए वह बुजुर्ग को बाइक पर गली में कुछ दूरी पर ले गया। बाद में बाइक से नीचे उतरने के बाद थोड़ा आगे जाने की बात कहकर भाग गया। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।