अंबाला सिटी। हिसार रोड पर स्थित अमर मार्केट में एक दुकान पर जबरन कब्जा करने व किरायेदार को डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। भू-माफिया व प्रॉपर्टी डीलरों ने पूर्व मकान मालिक के बच्चों के साथ मिलकर किरायेदार की दुकान खाली करवाने के लिए 25 मई की आधी रात को एक भारी-भरकम टिप्पर से दुकान के अगले हिस्से पर तीन से चार बार बैक करके जोरदार टक्कर मरवाईं। इस हमले में दुकान का शटर हवा में लटक गया और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित शक्ति नगर निवासी धरविंद्र सिंह चावला की तहरीर पर अंबाला सिटी थाना पुलिस ने तीन प्रॉपर्टी डीलर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
इस मामले में विकास राज शर्मा, जसमिंदर सिंह मान और रमेश कुमार वर्मा के खिलाफ बीएनएस की धारा 324(5) (शरारत से भारी नुकसान), 329(3) (जबरन कब्जा व घर का विनाश) और 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मुकदमा नंबर 214 दर्ज कर लिया है।
साल 1992 से चल रहा है विवाद, किरायेदार के पास है कोर्ट का स्टे
पुलिस को दी तहरीर में धरविंद्र सिंह चावला ने बताया कि वह अमर मार्केट हिसार रोड में श्री हरमिलाप ऑटो सेंटर के नाम से बाइक रिपेयर व स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। वह इस दुकान में साल 1992 से बतौर किरायेदार काबिज हैं और नियमित किराया देते आ रहे हैं। पहले मकान मालिक सोहन लाल धीमान उन्हें परेशान करता था, जिसके खिलाफ उन्होंने कोर्ट से स्टे लिया हुआ था। सोहन लाल की मौत के बाद उसका बेटा राजेश धीमान और बेटी सीमा देवी भी दुकान जबरन खाली करवाने की रंजिश रखने लगे और उन्होंने कोर्ट में केस किया, जो खारिज हो गया। राजेश धीमान और उसकी बहन सीमा ने दुकान पर जबरन कब्जा करने के लिए शहर के नामी प्रॉपर्टी डीलरों व भू-माफिया के साथ मिलकर एक गहरा षड्यंत्र रचा। उन्होंने दुकान की रजिस्ट्री आरोपी विकास राज शर्मा, जसमिंदर सिंह मान व रमेश कुमार वर्मा के नाम फर्जी तरीके से दिखा दी। इन सभी ने पहले दुकान का बिजली मीटर कटवाने की कोशिश की, लेकिन पीड़ित ने 29 अप्रैल 2026 को अदालत से इस पर भी स्टे हासिल कर लिया। संवाद