अंबाला। खेल प्रेमियों और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। सदर नगर परिषद अंबाला के अंतर्गत उगाड़ा-बड़ा क्षेत्र में एक आधुनिक खेल परिसर (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 27.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। खेल स्टेडियम के लिए लगभग 10 एकड़ की जगह नगर परिषद के अधीन पड़ी हुई है।
इस जगह पर पहले गोशाला के निर्माण की योजना थी, लेकिन बाद में इसे खेल मैदान में परिवर्तित करने का खाका तैयार किया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रोजेक्ट के लिए नियुक्त कंसल्टेंट ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट नगर परिषद को सौंप दी है। फिलहाल प्रशासन के उच्चाधिकारियों द्वारा इस रिपोर्ट की बारीकी से जांच की जा रही है। तकनीकी पहलुओं और बजट के प्रावधानों को परखने के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा।
बॉक्स
खिलाड़ियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बनने से क्षेत्र के सैंकड़ों गांवों और शहरी इलाकों के युवाओं को लाभ मिलेगा। बताया जा रहा है कि इस कॉम्प्लेक्स में इनडोर और आउटडोर खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि यह प्रोजेक्ट अंबाला सदर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। डीपीआर की जांच प्रक्रिया पूरी होते ही काम में तेजी लाई जाएगी, ताकि जल्द से जल्द खिलाड़ियों को यह सौगात मिल सके।
उगाड़ा-बाड़ा में बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को लेकर डीपीआर तैयार हो गई है। अब तकनीकी पहलुओं और बजट के प्रावधान पर मंथन चल रहा है, जल्द ही इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा।
देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर, अंबाला।