बराड़ा अनाज मंडी में नई पेयजल पाइपलाइन और सीवरेज व्यवस्था बिछाने कार्य शुरू हुआ। संवाद
बराड़ा। अनाज मंडी में पेयजल और सीवरेज संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रशासन ने आखिरकार ठोस कदम उठाया। मंडी परिसर में करीब 1.94 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन और सीवरेज व्यवस्था बिछाने का काम शुरू किया गया। यह परियोजना न केवल मंडी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि किसानों और व्यापारियों की रोजमर्रा की दिक्कतों को कम करने की दिशा में भी अहम मानी जा रही है।
परियोजना के शुभारंभ पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन कुलराज शर्मा, जनस्वास्थ्य विभाग अंबाला के एसडीओ और नगर पालिका सचिव मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा पाइपलाइन वर्षों पुरानी हो चुकी थी, जिसके चलते जलापूर्ति बार-बार बाधित होती थी और सीवरेज से जुड़ी समस्याएं भी बनी रहती थीं। अब पूरी लाइन को बदलकर नई व्यवस्था स्थापित की जा रही है, जिससे मंडी में स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। स्थानीय व्यापारियों और आढ़तियों का भी इस परियोजना को लेकर सकारात्मक रुख देखने को मिला। आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधि प्रिंस वाधवा, ललित जैन और दिलबाग दहिया सहित अन्य व्यवसायी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण मंडी में कामकाज प्रभावित होता रहा है और स्वच्छता पर भी असर पड़ता था। इस मौके पर आढ़ती प्रिंस वाधवा, ललित अजय जैन, दिलबाग दहिया समेत अन्य मौजूद रहे।