नारायणगढ़। हमीदपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास रोड पार कर रहे पैदल व्यक्ति की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में जसबीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना नारायणगढ़ पुलिस को दी शिकायत में हमीदपुर गांव निवासी जसबीर कुमार ने बताया कि दो दिन पहले वह रात करीब साढे़ आठ बजे के समय कालाआंब स्थित अपनी दुकान को बंद कर बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। जब वह गांव से पहले पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो एक अज्ञात वाहन ने रोड पार कर रहे पैदल व्यक्ति को जोरदार टक्कर दे मारी। टक्कर लगने के बाद वह व्यक्ति सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देख वाहन चालक मौके से अपना वाहन लेकर फरार हो गया। इस दौरान राहगीर ने एंबुलेंस को फोन पर सूचित किया और एंबुलेंस ने गंभीर रूप से घायल को नारायणगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।