साहा। साहा के निकट एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने पैदल सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति के सिर व छाती में चोटें लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा 23 फरवरी को हुआ था। अब घायल के बेटे की शिकायत पर साहा थाना पुलिस ने नंबर के आधार पर कार चालक पर मामला कर लिया है।
शिकायतकर्ता मिट्ठापुर गांव निवासी संदीप कुमार ने बताया कि 23 फरवरी को सुबह वह अपने पिता के साथ सामान लेने के लिए बाजार आया था। सामान खरीदते समय पिता दूसरी दुकान पर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। तभी साहा चौक की तरफ से आई तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। राहगीरों की मदद से पिता को पहले अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, वहां से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया था। अब पिता एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।