अंबाला सिटी। आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर बनाने के लिए नगर निगम अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसको लेकर मेयर शैलजा सचदेवा ने निगम आयुक्त को पत्र लिखा है। मेयर शैलजा सचदेवा ने बताया कि अगस्त से नगर निगम अधिकारियों को पत्र लिखकर आवारा कुत्तों के शेल्टर बनाने और कुत्तों के टीकाकरण व नसबंदी को लेकर कदम उठाने के लिए कहा गया था पर ऐसा प्रतीत होता है कि अब अधिकारी इस मामले को लेकर गंभीर नहीं है, जबकि अंबाला शहर की जनता परेशान है।
उन्होंने बताया कि अगर 30 अक्टूबर तक नगर निगम अधिकारी इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाते हैं, तो अंबाला की जनता के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक मार्ग को अपनाते हुए इस पर जनता को साथ लेकर आगे कदम बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर अंबाला शहर की जनता नगर निगम क्षेत्र में बढ़ रही कुत्तों की जनसंख्या और आवारा कुत्तों के प्रकोप से त्रस्त है, वहीं दूसरी ओर निगम के अधिकारी इस मामले पर संजीदा नहीं दिखाई पड़ रहे हैं। वहीं, मामले में मेयर की ओर से अधिकारियों को पहले भी पत्र लिखे गए हैं, जिसमें कहा गया था कि कुत्तों के टीकाकरण और नसबंदी को लेकर तुरंत कार्रवाई आगे बढ़ाई जाए और नसबंदी के टेंडर तुरंत प्रभाव से दिए जाएं, लेकिन अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई।