डीएसपी सीआईडी कार्यालय में वाटर कैरियर पद पर तैनात रणबीर सिंह की चार लोगों ने जहर देकर हत्या कर दी। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने इस मामले में जगबीर सिंह, उसकी पत्नी और बेटे सहित कुल पांच लोगों पर साजिश के बाद हत्या व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बरौदा ठुठान थाना बरौदा जिला सोनीपत निवासी शिवराज ने बताया कि वह गोहाना में दुकान करता है। हम दो भाई और दो बहन हैं। मेरा पिता रणबीर हरियाणा पुलिस में वाटर कैरियर के पद तैनात थे। उनकी ड्यूटी अब अंबाला डीएसपी सीआईडी कार्यालय में थी। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मेरे पिता ड्यूटी पर पहुंच गए थे। सुबह करीब 10 बजे मेरे पिता ने चाचा के लड़के अजीत सिंह को फोन कर बताया कि मुझे 3-4 व्यक्तियों ने जहर दिया है।
उन्होंने यह भी बताया था कि इन लोगों ने मेरे साथ मारपीट की। इनमें जगबीर व उसकी पत्नी, लड़का और दो अन्य शामिल हैं। इसके बाद रणबीर सिंह को अंबाला शहर नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें चंडीगढ़-32 अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बेटे ने बताया कि सूचना मिलते ही वह और अजीत अपने संबंधियों सहित सेक्टर 32 अस्पताल चंडीगढ़ पहुंचे। यहां उपचार के दौरान दोपहर बाद उसके पिता ने दम तोड़ दिया। इस दौरान मेरे पिता की पैंट की जेब से सुसाइड नोट मिला है जिस पर लिखा है जगबीर, उसकी पत्नी, लड़का, हरपाल व शीशपाल ने मुझे जबरदस्ती जहर खिलाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी डीएसपी सीआईडी कार्यालय के साथ दूसरी तरफ बने पुलिस अस्पताल में कार्यरत हैं।
रणबीर के बेटे की शिकायत पर फिलहाल तीन नामजद व दो अन्य पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हमीर सिंह, इंस्पेक्टर बलदेव नगर थाना।