नारायणगढ़। कालाआम्ब से पंचकूला हाईवे पर शुक्रवार शाम को प्रसव पीड़ा उठने पर महिला ने एंबुलेंस में ही बच्ची को जन्म दिया। ईएमटी गौरव व ड्राइवर रणधीर ने हाईवे किनारे ही एंबुलेंस लगाकर डिलीवरी करवाई। बाद में जच्चा व बच्चा दोनों को नारायणगढ़ के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया।
ईएमटी गौरव ने बताया कि कालाआम्ब के डेरा गांव निवासी रीना को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। फोन आने पर वह उन्हें लेने गए थे। जब एंबुलेंस में लेकर अस्पताल जा रहे थे तो अचानक महिला के ज्यादा दर्द उठने पर बच्चा बाहर आने लगा। तभी ड्राइवर रणधीर को बोलकर हाईवे किनारे ही एंबुलेंस खड़ी करवाई। एंबुलेंस के अंदर ही सुरक्षित प्रसव करवाया व बच्ची ने जन्म लिया।