अंबाला। प्रदेश में कैंसर के इलाज को सुलभ बनाने की दिशा में राज्य मुख्यालय स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल की है। अंबाला स्थित अटल कैंसर केयर केंद्र को पांच जिलों का मार्गदर्शक संस्थान (मेंटरिंग इंस्टीट्यूट) के रूप में चुना गया है। इन जिलों में यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, करनाल व कैथल शामिल है। अब इन जिलों के डे-केयर केंद्र में उपचार की गुणवत्ता, परामर्श और दवाओं की उपलब्धता की निगरानी अंबाला केंद्र के माध्यम से होगी ताकि आने वाले कैंसर के मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।
इनमें से यमुनानगर, कुरुक्षेत्र व पंचकूला में डे केयर में उपचार दिया जा रहा है। करनाल में छह बेड का डे केयर लगभग पूरा हो चुका है व कैथल में भी इसकी तैयारी चल रही है। शुरूआत चरण में केवल अटल कैंसर को पांच जिलों की जिम्मेदारी मिली है। जल्द ही अन्य जिलों को भी अलग-अलग कैंसर अस्पतालों के संग जोड़ा जाएगा।
अटल कैंसर केयर केंद्र के कार्यवाहक निदेशक करेंगे निरीक्षण
प्रदेश में डे केयर केंद्रों के निरीक्षण की जिम्मेदारी भी अटल कैंसर केयर केंद्र के कार्यवाहक निदेशक डॉ. यशपाल वर्मा व उनके एक अन्य डॉक्टर को दी गई है। धीरे-धीरे वह सभी डे केयर केंद्र का जायजा ले रहे हैं ताकि जल्द से जल्द कैंसर के मरीजों को इनमें उपचार मिल सके।
कैंसर मरीजों का उपचार होगा सॉफ्टवेयर पर अपलोड, एक क्लिक से मिलेगी जानकारी
डे केयर केंद्रों में भी कैंसर मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर बनाया गया है। जैसे अटल कैंसर केयर केंद्र में मरीज को जो उपचार दिया जा रहा है, वो साॅफ्टवेयर में अपलोड कर दिया जाएगा, ताकि मरीज को दोबारा अंबाला आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वह किसी भी डे केयर केंद्र में उपचार करवा सकेगा। नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर यानी (एनएचएसआरसी) ने इस पायल प्रोजेक्ट में हरियाणा में से महज अंबाला के अटल कैंसर केयर केंद्र यानी टर्सरी कैंसर सेंटर को चुना था। यह ट्रायल सफल हो गया था। प्रदेशभर में पांच जिलों में डे केयर सेंटर चल रहे हैं। 15 जिलों में सभी डे केयर केंद्र में मरीजों को बेहतर उपचार दिए जाने पर जोर दिया जा रहा है।
नई जिम्मेदारी का मिलना हमारे लिए फक्र की बात है। इस उपलब्धि के लिए अटल कैंसर केयर केंद्र के डॉक्टर व अन्य स्टाफ बधाई के पात्र है। इतने कम समय में मरीजों को बेहतर उपचार देकर एक विश्वास बनाया है। यही कारण है कि अंबाला में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल आदि राज्यों से कैंसर के मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं।
- डॉ. यशपाल वर्मा, कार्यवाहक निदेशक, अटल कैंसर केयर केंद्र