अंबाला। 100 मीटर जमीन के टुकड़े के कारण छावनी में 20 करोड़ की परियोजना अटक गई है। जमीन के टुकड़े के लिए किसान लगभग 60 लाख रुपये की मांग कर रहा है। लोकनिर्माण विभाग सरकार की ओर से निर्धारित 48 लाख रुपये देने को तैयार है। अब मामला न सुलझने व जमीन पर दावे को लेकर किसान सहित विभाग ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दरअसल टांगरी बांध रोड से दिल्ली राजमार्ग को सीधे जोड़ना है। तीन से चार किलोमीटर की इस सड़क के बनने के बाद छावनी के लोग बिना समय गंवाए दिल्ली राजमार्ग पर जा सकते हैं।
यह थी योजना
टांगरी बांध से घसीटपुर की तरफ इस सड़क का निर्माण किया गया था ताकि अंबाला-जगाधरी के लोग टांगरी बांध से होते हुए सीधा अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे तक पहुंच सकें, इसके लिए अंबाला-सहानपुर रेल लाइन पर अंडरपास बनाया गया। सड़क निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग की तरफ से किया जाना था और इस पर लगभग 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे। सड़क का कार्य 95 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, लेकिन जमीन के टुकड़े के कारण सड़क टांगरी बांध के नजदीक से अधूरी पड़ी है। इसी प्रकार रेलवे ने लगभग 10 करोड़ की लागत से अंडरब्रिज तैयार करवाया था।
अंडरब्रिज बन गया तालाब
कोर्ट केस के चलते बेशक सड़क निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, लेकिन आवागमन के लिए रेलवे का अंडरब्रिज तैयार है जोकि अब विभागीय लापरवाही के कारण तालाब का रूप धारण कर गया है। अंडरब्रिज के दोनों हिस्सों में चार से पांच फुट तक पानी भरा हुआ है और मिट्टी के कारण दलदल हो गई है जोकि कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। बावजूद इसके रेलवे की तरफ से अंडरब्रिज को साफ करने के लिए कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है। इसका कारण सड़क का अधूरा निर्माण भी बताया गया है।
सड़क निर्माण के लिए किसान की तरफ से कोर्ट में मुआवजे की बढ़ोतरी को लेकर याचिका लगाई है। यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए 100 मीटर टुकड़े का निर्माण रुका हुआ है जबकि सड़क का अन्य हिस्सा पूरी तरह से तैयार कर दिया गया है।
- रितेश अग्रवाल, कार्यकारी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, अंबाला।
सड़क के अधूरे निर्माण के कारण अभी अंडरब्रिज से आवाजाही पूरी तरह से बंद है, जैसे ही सड़क का निर्माण पूरा हो जाएगा तो पुल के नीचे से पानी निकासी के लिए पंप सेट लगा दिए जाएंगे, इसकी एक बार सफाई कराई जा चुकी है।
- एनके झा, प्रवक्ता अंबाला रेल मंडल।
अंबाला छावनी में टांगरी बांध से घसीटपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर रेलवे अंडरब्रिज में भरी गाद - फोटो : मदीना स्थित आरकेपी विद्यालय में आयोजित क्विज में उपस्थित बच्चे। स्रोत : स्कूल
अंबाला छावनी में टांगरी बांध से घसीटपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर रेलवे अंडरब्रिज में भरी गाद - फोटो : मदीना स्थित आरकेपी विद्यालय में आयोजित क्विज में उपस्थित बच्चे। स्रोत : स्कूल