अंबाला। कैंट के भैरो मंदिर रोड पर मदन के मंदिर के पास लूट की कोशिश स्थानीय लोगों की हिम्मत की वजह से विफल हो गई। तीन युवकों ने लूट के इरादे से वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति पर हमला बोल दिया था। उसे पीटा जा रहा था और उससे रुपये घुसने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन उसकी चीखने की पुकार सुनकर स्थानीय लोगों उसकी मदद के लिए दौड़े। लोगों को आता देख तीनों लुटेरे युवक भागने लगे। दो तो फरार हो गए, मगर एक लोगों के हत्थे चढ़ गया। लोग उसे पीटते हुए हाउसिंग बोर्ड चौकी ले गए। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विगत रात एक चाट की रेहड़ी लगाने वाला व्यक्ति मदन के मंदिर के पास से गुजर रहा था। तभी चौंक पर खड़े तीन युवकों ने उसे घेर लिया और उससे मारपीट शुरू कर उससे रुपये छीनने का प्रयास किया। व्यक्ति खुद उनका सामना करता रहा और चिल्लाता रहा। उसकी चीख सुनकर वहां मौजूद अन्य लोग चौक पर पहुंच गए और उन्होंने तीनों युवकों को पकड़ने की कोशिश की। मगर दो युवक तो भाग गए, मगर एक युवक पकड़ा गया। उसकी पहले तो लोगों ने वहीं छित्तर परेड की और फिर उसे पैदल ही हाउसिंग बोर्ड चौकी में ले गए।