अंबाला। डीसी शेखर विद्यार्थी ने कहा कि महिला अपराधों पर कार्रवाई में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे बुधवार को महिलाओं के विरुद्ध जघन्य अपराधों को रोकने के लिए गठित जिला स्तरीय कमेटी की बैठक में जिले में महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिले में सभी शिक्षण संस्थानों, जहां पर लड़कियां शिक्षा ग्रहण करती हैं सुबह-शाम पुलिस की पेट्रोलिंग की जा रही है। महत्वपूर्ण स्थानों पर सिविल कपड़ों में तैनात की गई हैं ताकि लड़कियों व महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले लोगों की धरपकड़ की जा सके। उन्होंने तेज गति और लापरवाही से बाइक व अन्य वाहन चलाने वाले युवाओं पर भी शिकंजा कसने के लिए पुलिस को कड़े निर्देश दिये हैं। पुलिस उपायुक्त अशोक कुमार ने महिलाओं से अनुरोध किया है कि वे अपने शिक्षण संस्थानों, गली, मोहल्ले, कार्यालयों, कारखानों, बाजारों व अन्य स्थानों पर छेड़छाड तथा उत्पीड़न की बाताें को सहन न करें तथा ऐसे लोगों की सूचना प्रशासन या पुलिस को दें। बैठक में सिविल सर्जन डा0 वी.के. शर्मा को निर्देश दिए गए कि वे यह सुनिश्चित करें कि जिले में सभी सरकारी अस्पतालों में तैनात डाक्टर महिला उत्पीड़न के मामलों में बिना विलंब ऐसी महिलाओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाएं।
इस मौके पर पुलिस उपायुक्त शहरी अशोक कुमार, नगराधीश प्रतिमा चौधरी, एसडीएम बराड़ा सत्यावान इंदौरा, एसीपी ट्रैफिक पूर्णिमा सिंह, एसीपी नारायणगढ़ सुरेश वालिया, डिस्ट्रिक अटार्नी सत प्रकाश, सिविल सर्जन डा. वीके शर्मा, डिप्टी सिविल सर्जन डा. बीबी लाला, डा. नीलम डोगरा, जिला बाल कल्याण अधिकारी मिलन पंडित, डा. अदिति गौतम, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी मेघा, पीपीओ डा. शालिनी शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास राज कटारिया, जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी केवल बिंद्रा मौजूद रहे।