सरसों खरीद पर नमी भारी, पहले ही दिन केवल एक किसान की पांच क्विंटल सरसों खरीदी
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। शहजादपुर अनाज मंडी में बनाए गए सरसों के खरीद सेंटर के पहले दिन ज्यादातर किसानों की सरसों की खरीद नहीं हो सकी। केवल एक किसान से ही पांच क्विंटल सरसों की सरकारी तौर पर खरीद की गई, लेकिन वह भी नमी अधिक होने से तुल नहीं पाई थी। उसे सूखने के लिए जमीन पर बिछा दिया था।
भड़ौग के किसान हरी मोहन ने बताया कि उन्होंने अपनी ओर से तो सरसों को ऑनलाइन पंजीकरण करवाया हुआ था लेकिन जब वह मंडी में सरसों बेचने के लिए पहुंचा तो उन्होंने पाया कि उनका पंजीकरण हुआ नहीं था। इस कारण उसकी सरसों की खरीद नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि गांव में पंजीकरण के लिए गई विभाग की टीम ने उनका पंजीकरण किया था लेकिन कंप्यूटर में उनके नाम का इंद्राज नहीं होने के कारण उन्हें अपनी फसल औन-पौने रेट में आढ़ती के पास ही बेचनी पड़ रही है। नया गांव निवासी कर्म सिंह ने बताया कि वह शहजादपुर में अपनी सरसों को बेचने के लिए आते हैं, लेकिन इस जानकारी से अनजान है कि इस मंडी में जिला स्तर पर सरसों की खरीद की जा रही है। उन्होंने बताया कि बरवाला अनाज मंडी में आढ़ती ही सरसों को खरीद रहे हैं, जिस कारण वह शहजादपुर की अनाज मंडी में ही अपनी फसल को बेचने के लिए आते हैं। वहीं मंडी सुपरवाइजर जसबीर सिंह ने बताया कि पंजीकृत किसान विनोद कुमार निवासी गांव भड़ौग की सरसों की फसल मंडी में पहुंची है जिसे खरीदने की प्रक्रिया जारी है। उल्लेखनीय है कि अनाज मंडी शहजादपुर में 29 मार्च को खेड़ा गन्नी, शहजादपुर, माजरा, बापौली, कड़ासन, पेंजेटों, राजौली तथा 30 मार्च को धमौली उपरली, धमौली बीचली, धमौली माजरी, परेल, हांडी खेड़ा, नगांवा, गणेश पुर, संतोखी, रजपुरा, मघरपुरा, रच्छेड़ी व कलाल माजरा गांवों के किसानों की सरसों की फसल की खरीद की जाएगी।