चाइल्ड लाइन की टीम ने लोगों को किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। जिला युवा विकास संगठन द्वारा संचालित चाइल्ड लाइन की टीम ने जनसुई गांव मार्केट में आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया। इस दौरान टीम सदस्यों ने दुकानदारों को चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। टीम ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के पंपलेट बांटकर चाइल्ड हेल्पलाइन से लोगों को जोड़ा और उन्हें बताया कि वे बच्चों की मुसीबत के समय किस तरह इस नंबर को प्रयोग में ला सकते हैं। ये हेल्पलाइन नंबर बच्चों की मदद के लिए 24 घंटे कार्यरत है।
टीम ने लोगों को बताया कि आपको अगर कोई बच्चा लावारिस मिले या बाल श्रम करता हुआ दिखे या फिर किसी तरह से शोषण हो रहा है तो तुरंत इसकी जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, ताकि बच्चे को शोषित होने से बचाया जा सके। कॉलर के बारे में जानकारी गुप्त रखी जाती है। साथ ही टीम ने बताया कि किसी बच्चे को अगर किसी तरह की मेडिकल हेल्प की जरूरत है या शेल्टर से संबंधित समस्या के लिए भी आप चाइल्ड हेल्पलाइन फ़ोन कर सकते हैं। इस प्रोग्राम में टीम सदस्य मंजू बाला, अमनदीप व वालंटियर रेखा मौजूद रहे।