अंबाला सिटी। शहर कालका चौक पुल पर शुक्रवार रात ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली का तिरपाल फटने से भूसा सड़क पर फैल गया। इस कारण शनिवार दोपहर तक जाम लगा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार गत रात्रि करीब 2 बजे एक भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बलदेव नगर थाने की सामने वाले नेशनल हाईवे से गुजर रही थी तो ट्रॉली के पीछे लाइटें न लगी होने के कारण पीछे से आ रहे ट्रक को इस भूसे से भरी ट्रॉली का पता नहीं चल पाया और जब वो इस ट्रॉली के पास से गुजरा तो उसकी साइड ट्रॉली से लग गई, इस दौरान भूसा जिस तिरपाल से ढका हुआ था वह तिरपाल फट गई। जिस कारण ट्रॉली में लदा भूसा हाईवे पर फैल गया। रोड पर भूसा फैलने से जाम लग गया। मामले की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस व बलदेव नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। मामले में पुलिस ने बताया कि साइड मारने वाला ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार का कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।