फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोपहर को उतार दिया था मां-बेटे को मौत के घाट

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

अंबाला सिटी। रामनगर में मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड का खुलासा वारदात के 24 घंटे बीतने पर भी नहीं हो सका है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हुआ कि रात्रि में शव मिलने से करीब छह घंटे पहले ही यह हत्याकांड हुआ था। मां के सिर पर तीन वार किए गए थे जबकि बच्चे का गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर तीन निशान पाए गए हैं। हत्याकांड लूट के मकसद से नहीं हुआ, यानि कोई अन्य कारण है। इसी को लेकर पुलिस ने महिला के पति से भी पूछताछ की। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। दोपहर से लेकर शाम तक की फुटेज पर जोर दिया जा रहा है ताकि कोई सुराग हाथ लग सके।
रामनगर में रहने वाले कपड़ा व्यापारी देवेंद्र की पत्नी व गोद लिए बच्चे को आखिरकार किस मकसद से मारा गया, यह पुलिस अभी साफ नहीं कर पाई है। देवेंद्र की तीन बेटियां है, जोकि विवाहित है। उसका एक बेटा भी था, जिसकी मौत हो चुकी है, मगर बाद में पंजाब से एक बच्चा दोनों ने गोद लिया था। यह बच्चा क्यों गोद लिया गया और इस बच्चे की किस मकसद से हत्या हुई। क्या इसके पीछे कोई परिवारिक रंजिश है या कोई अन्य मकसद। इसको लेकर भी पुलिस ने जांच का दायरा आगे बढ़ाया है। देवेंद्र कपड़ा व्यापारी है और उसने पुलिस को बयान दिए हैं कि वारदात वाले दिन वह पंजाब में अपनी पार्टियों से पेमेंट लेने गया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या सही में देवेंद्र बाहर था। यदि वह बाहर गया था तो उसने अपना मोबाइल दुकान पर ही क्यों छोड़ दिया। इसके अलावा वारदात स्थल से पुलिस को देवेंद्र के जूतों के निशान भी मिले हैं। यहीं वजह रही की पुलिस ने प्राथमिक जांच के दौरान देवेंद्र से भी पूछताछ की, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। पुलिस सूत्रों की मानें तो हत्याकांड के पीछे कोई पारिवारिक रंजिश या फिर कलह की हो सकती है। घर की छानबीन के दौरान कोई भी वस्तु चोरी नहीं पाया गया। क्राइम एवं फोरेंसिक एक्सपर्ट की जांच में भी वारदात स्थल से कोई ऐसे साक्ष्य नहीं मिले हैं जिनसे लूटपाट आदि का कोई संकेत मिला हो।
विज्ञापन


रात पौने दस बजे घर पहुंचा था देवेंद्र, छह घंटे पहले हत्या
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस को जानकारी मिली है कि हत्या शव मिलने से करीब छह घंटे पहले हुई। इसके अनुसार दोपहर तीन से चार बजे मां-बेटे की हत्या हुई हो सकती है। इसी को लेकर पुलिस ने जांच का दायरा आगे बढ़ाया है। देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी अंबाला सिटी कपड़ा मार्केट में तौलिए व कंबल की दुकान है। वह इनकी सप्लाई भी करता है। दिवाली पर मार्केट बंद होने के कारण वह पंजाब के नौगावा पेमेंट लेने गया था। उसने सिटी स्टेशन से नंगल डैम ट्रेन पकड़ी। नौगावा से रात्रि करीब नौ बजे ट्रेन से वापस सिटी स्टेशन उतरकर अपनी दुकान पर गया, जहां उसका मोबाइल व अन्य सामान पड़ा था। देवेंद्र के अनुसार शुक्रवार रात करीब पौने 10 बजे वह घर पहुंचा। दरवाजा खोलकर अंदर आया तो आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। वह किचन में गया जहां उसकी पत्नी निर्मला उर्फ बबली (54) व बेटा दिनेश (4) खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे।

पूरी रात व सुबह घटनास्थल का चप्पा-चप्पा खंगाला पुलिस ने
गत रात्रि वारदात के बाद मौके पर सिटी थाना एसएचओ अजीत, डीएसपी अजीत, फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम, डॉग स्क्वायड व सीन ऑफ की क्राइम टीम मौके पर पहुंची थी। विभिन्न टीमों ने वारदात स्थल का चप्पा-चप्पा खंगाला। इस दौरान पुलिस को कुछ फिंगर प्रिंट व अन्य साक्ष्य मिले है, मगर इनके बाद पुलिस अब तक कुछ खुलकर नहीं बता रही है। सुबह भी पुलिस की टीमों ने मौके पर छानबीन की और आसपास पड़ोस लोगों से भी पूछताछ की।

एक बेटे की हो चुकी है मौत
देवेंद्र ने बताया कि उसकी तीन बेटियां है और वह शादीशुदा हैं। उनका एक बेटा भी था जिसकी 25 वर्ष की उम्र में बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। उसने बताया कि इस हादसे के बाद उसकी पत्नी निर्मला उर्फ बबली मानसिक तौर पर परेशान रहने लगी, जिसके बाद तीन माह के एक बच्चे को पंजाब में किसी जगह से गोद लिया और उसका नाम दिनेश रखा।
विज्ञापन

..............
पुलिस हर पहलू पर अभी जांच कर रही है। दोहरे हत्याकांड की इस गुत्थी को जल्द सुलझाया जाएगा। फिलहाल अभी अलग-अलग टीमें मामले को लेकर जांच कर रही है।
- अशोक कुमार, एसपी, अंबाला।
..................
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली है, जिसमें महिला के सिर पर तीन घाव बताए गए हैं। हत्या करीब छह घंटे पहले हुई थी। पुलिस हर पहलू को जांच रही है व आसपास क्षेत्र में सीसीटीवी का भी सहारा ले रही है। मौके पर मृतका के पति के जूतों के निशान मिले हैं।
-अजीत, डीएसपी हेडक्वार्टर, अंबाला सिटी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें