मोेबाइल नंबर पूछकर पेटीएम अकाउंट हैक कर की ऑनलाइन शॉपिंग
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
सिटी के एक इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी को उपभोक्ता के साथ अपना पेटीएम नंबर साझा करना महंगा पड़ गया। पुलिस को दी शिकायत में सिटी के कोतवाली बाजार में कारोबारी अशोक गोयल ने कहा कि उसके पास मंगलवार शाम एक अनजान व्यक्ति का *****55117 नंबर से फोन आया था और उसने चार पंखे खरीदने की बात कही। पंखे खरीदने वाले व्यक्ति ने उनसे उनका पेटीएम नंबर मांगा और कहा कि वह इस समय बाहर है। वह उन्हें पेटीएम से पेमेंट कर देगा और उसका साथी आकर पंखे ले जाएगा। अशोक गोयल ने बेटे का पेटीएम नंबर दे दिया। रात करीब सवा आठ बजे मुकुल के मोबाइल पर ओटीपी का मैसेज आया जिसे देखकर उसे शक हुआ लेकिन इतनी देर में उसके पेटीएम से 1199 रुपये निकल चुके थे। मुकुल ने तुरंत इसकी जानकारी अशोक गोयल को दी। जब उन्होंने पेटीएम से इसकी जानकारी ली तो पता चला कि उनके पेटीएम से एक ऑनलाइन साइट से खरीदारी की गई है। साइट से पता चला कि उनके पेटीएम से एक नोकिया कीपेड 105 मोबाइल खरीदा गया है जिसकी डिलीवरी राजस्थान में होनी है। मुकुल ने जब पेटीएम अकाउंट खोला तो पता चला कि उसका पासवर्ड भी बदल दिया गया है। गोयल ने तुरंत पेटीएम से संपर्क कर पासवर्ड दोबारा से बदल दिया और पैसे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए ताकि कोई अन्य फ्रॉड न हो सके।
मुकुल गोयल पुत्र अशोक कुमार गोयल की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नंबर ट्रैस करने के लिए साइबर सैल में लगवा दिया गया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। -बलजीत सिंह, पुलिस चौकी इंचार्ज, नंबर दो।