पोल्ट्री फार्म मालिक पर लगाए बच्चों और पत्नी को बंधक बनाने के आरोप, लेनदेन का निकला मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़।
पोल्ट्री फार्म मालिक द्वारा फॉर्म में पत्नी व बच्चों को बंधक बनाकर रखने व मारपीट करने की शिकायत लेकर एसडीएम के पास प्रवासी मजदूर पहुंचा। प्रवासी मजदूर की व्यथा सुनने के बाद एसडीएम ने तुरंत पुलिस भेज पोल्टी फार्म से शिकायतकर्ता की पत्नी व बच्चों को बुलवाया। पुलिस के संरक्षण में जब पीड़ित परिवार के बयान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सम्मुख करवाए गए तो मामला पैसों के लेनदेन का निकला। फिलहाल प्रशासन ने शिकायतकर्ता को संतुष्ट कर मामले का पटाक्षेप कर दिया। जानकारी मुताबिक नारायणगढ़-शहजादपुर रोड पर स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर परिवार सहित रह रहा सोनू निवासी यूपी दोपहर के समय एसडीएम कार्यालय पर आ पहुंचा। पीड़ित ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि पोल्ट्री फार्म मालिक ने उसकी पत्नी व बच्चों को बंधक बना रखा है और वह उनके साथ लगातार मारपीट भी कर रहा है। शिकायत सामने आने पर एसडीएम ने तुरंत डीएसपी नारायणगढ़ को मामले की सच्चाई जानने व पीड़ित परिवार को मुक्त करवाने के निर्देश दे दिए। थोड़ी देर में ही पुलिस जा पहुंची जहां सोनू की पत्नी और बच्चे मौजूद थे। पुलिस इन सभी को अपने साथ एसडीएम के समक्ष ले आई। एसडीएम मोनिका गुप्ता ने इस बीच ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़ित परिवार के बयान दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस के संरक्षण में ड्यूटी मैजिस्ट्रेट कम तहसीलदार के समक्ष जब पीड़ित परिवार ने सारा माजरा सुनाया तो मामला पोल्ट्री फार्म मालिक से पैसे के लेनदेन का निकला। थाना प्रभारी सुरेश पाल के मुताबिक पीड़ित परिवार को संतुष्ट कर इस सारे मामले का पटाक्षेप कर दिया गया।