मंत्री यदि चाय पी ले तो शक की निगाह से नहीं देखना चाहिए : विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि वैसे तो वे नाराज होते नहीं, यदि नाराज हो जाएं तो फिर उन्हें मनाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री व्यस्त शेड्यूल से चंद पल निकालकर चाय पी लें तो उसे शक की निगाह से कतई नहीं देखना चाहिए।
बता दें कि चंडीगढ़ स्थित मिनी सचिवालय में गत दिनों चर्चा थी कि कुछ मंत्री नाराज होकर एक साथ चाय पर चर्चा कर रहे हैं। इसी पर कटाक्ष करते हुए अनिल विज ने रविवार को यहां एक बयान में कहा कि ‘यूं तो मैं नाराज होता नहीं, नाराज हो जाऊं तो मानता नहीं’। विज ने कहा कि यदि मंत्री अपने बिजी शेड्यूल में से चंद पल निकालकर इकट्ठे बैठकर चाय पी लें तो इसे किसी भी तरह से शक की निगाह से नहीं देखा जाना चाहिए। उधर, विज ने इनसो को हानिकारक संगठन करार दिया है। उन्होंने कहा इनसो डिस्ट्रक्टिव कार्यशैली की ओर बढ़ती जा रही है। उनकी राजनीतिक धरती पूरी तरह से उजड़ चुकी है। सरकारी प्रोजेक्ट का नाम सरकार तय करती है, यह तय करने का अधिकार इनसो को नहीं है। बता दें कि एक्सप्रेस हाईवे केएमपी प्रोजेक्ट को लेकर इनसो के अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने इस प्रोजेक्ट का नाम पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल के नाम पर रखने की मांग की है।