अंबाला। फंड की कमी से जूझ रहा नगर परिषद अब दुकानदारों पर शिकंजा कसेगी। नगर परिषद ने ऐसे 100 से अधिक दुकानदारों की सूची बनाई है, जिन पर कई वर्षों से किराया लंबित है जोकि अब 90 लाख रुपये तक पहुंच चुका है। ऐसे में अब दुकानदारों को नोटिस देने की तैयारी शुरु कर दी गई है। उन्हें 15 दिन के अंदर लंबित भुगतान करने का समय दिया जाएगा। इसके बाद दुकान को सील करने की प्रकिया आरंभ की जाएगी। यह दुकानें राय मार्केट, कबाड़ी बाजार, सौदागर बाजार, सब्जी मंडी, हनुमान मार्केट, हलवाई बाजार में स्थित हैं।
32 वार्ड के पार्षदाें ने लगाई थी मोहर
छावनी के खुखरैन भवन में 11 जुलाई को हुए नप की हाउस बैठक में इस एजेंडे पर भी विस्तार से चर्चा की गई थी। नप के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल की तरफ से यह प्रस्ताव रखा गया था। उन्होंने बताया था कि फंड की कमी को पूरा करने के लिए नप के अधीन किराए की दुकानों पर 90 लाख रुपये लंबित हैं जोकि दुकानदारों द्वारा नही जमा करवाए गए। इसे लेकर जल्द ही प्रक्रिया आरंभ होगी। बैठक में सभी 32 वार्ड के पार्षदों ने इस मुद्दे पर सहमति जताई थी और इस प्रस्ताव को पास किया था।
सुभाष पार्क के दो हाल का किराया लंबित
नप हाउस की बैठक में सुभाष पार्क के दोनों हाल का किराया न देने वाले लोगों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया था जोकि लगभग 50 लाख रुपये बताया गया है। वार्ड नंबर 14 के पार्षद हरमिंदर हीरा ने तो यहां तक कह दिया था कि दोनों हाल का किराया न देने वाले लोगों पर सता पक्ष का संरक्षण है, इसलिए नगर परिषद के अधिकारी भी दोनों लोगों से किराए को लेकर सख्ती नहीं कर रहे। ऐसे में अब यह मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। इसलिए नगर परिषद अब दोनों हाल को किराए पर लेने वाले व्यक्तियों को भी नोटिस देने की कार्यवाही करने जा रहा है। वहीं इस मुद्दे पर किराए की वसूली को लेकर कानूनी सलाह लेने की भी योजना बनाई जा रही है।
फंड की कमी को पूरा करने के लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। इस कड़ी में उन दुकानदारों से किराया वसूलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिन्होंने वर्षों से किराया जमा नहीं करवाया है। इसके अलावा सुभाष पार्क के दोनों हाल के लंबित किराए को लेकर भी जल्द ही कार्यवाही शुरु की जाएगी।
देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी नप सदर, अंबाला।
दुकानदारों से आग्रह है कि अगर उनका कोई भी किराया लंबित है तो वो अविलंब नगर परिषद कार्यालय जाकर इसे जमा करवाएं ताकि आगामी कार्यवाही से बचा जा सके। नवनीत सिंह बब्बर, प्रधान, राय मार्केट एसोसिएशन।