जानलेवा कोरोना का कहर जिले में अभी कम होता नजर नहीं आ रहा। एक दिन पहले 11 लोगों की जान लेने के बाद शनिवार को जिले में कोरोना ने 9 अन्य लोगों से सांसें छीन ली। इतना ही नहीं 364 नए केस भी जिले में पाए गए। हालांकि अंबाला शहर और छावनी के रामबाग श्मशान घाट में कोविड नियमों से कुल 15 लोगों के संस्कार हुए। इनमें अंबाला शहर में 6 और छावनी में 9 लोगों के संस्कार कोविड नियम से हुए। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार एक मई को कोरोना ने कुल 9 लोगों की जान ली। इनमें 5 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं।
मरने वालों में तीन अंबाला शहर से हैं। इनमें अंबाला शहर सिंघावला का 45 वर्षीय पुरुष, अंबाला शहर पटेल रोड निवासी 67 वर्षीय महिला और सेक्टर-1 से 67 वर्षीय पुरुष शामिल शामिल हैं। इसी तरह दो मौत अंबाला छावनी में हुई। कैंट से मरने वालों में बकरा मार्केट और महेश नगर की 65-65 वर्षीय महिलाएं शामिल हैं। छठी मौत दुर्गा कॉलोनी नारायणगढ़ निवासी 34 वर्षीय महिला, सातवीं मौत राजस्थान के 36 वर्षीय पुरुष, आठवीं मौत शहजादपुर के गांव अमली की 63 वर्षीय महिला और नौवीं मौत कुल्लारपुर निवासी 34 वर्षीय व्यक्ति की हुई। यह सभी मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रहे थे। अब तक जिले में कोरोना 250 लोगों की जान ले चुका है। अब मृत्यु दर बढ़कर 1.16 हो गई है।
जिले में अब तक कोरोना की स्थिति
वर्तमान में जिले में 1 मई तक 21 हजार 220 लोगों को कोरोना अपनी चपेट में ले चुका है। इनमें से अब 3516 मरीज एक्टिव हैं। 17454 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। इनमें शनिवार को डिस्चार्ज किए गए 216 मरीज भी शामिल हैं। जिले में लगातार कोरोना केस की संख्या बढ़ने से रिकवरी दर गिरकर 82.25 प्रतिशत रह गया है। जिले में अभी तक 3 लाख 21 हजार 784 सैंपल कोरोना के लिए जा चुके हैं। इतना ही नहीं 2 लाख 95 हजार 36 ने कोरोना से बचाव का टीका लगवा लिया है।
सरकारी अस्पताल में भी अब बेड फुल
जिले के सरकारी अस्पतालों जिसमें सीएचसी और तीन नागरिक अस्पताल शामिल हैं लगभग सभी में बेड फुल हो गए हैं। इस समय जिले के तमाम अस्पतालों में 461 मरीज भर्ती हैं। इनमें से करीब 380 की सांसें ऑक्सीजन सपोर्ट, वेंटिलेटर और बाइपेप के सहारे चल रही हैं। नागरिक अस्पतालों की बात करें तो 136 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और 12 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। कुल 966 बेड जिले में अभी तक संक्रमित मरीजों के लिए बनाए गए थे।
कहां से आए नए केस
जिले में शनिवार को मिले नए केस में 132 अंबाला शहर, 43 अंबाला कैंट, 34 शहजादपुर, 22 मुलाना, 13 बराड़ा, 35 शहजादपुर और 65 चौड़मस्तपुर एरिया से मिले। इनमें नन्यौला, दुर्गा नगर अंबाला शहर और प्रभु प्रेम आश्रम से 4-4, मंडौर, बिहटा, फतेहपुर, ललाना, न्यू विवेक विहार अंबाला शहर, रेलवे कॉलोनी अंबाला कैंट, चंद्रपुरी व ईदगाह रोड अंबाला कैंट से 3-3, रामपुर, पटेल नगर अंबाला सिटी, काला आम्ब, पुलिस लाइन, अंबाला शहर, कमल विहार अंबाला शहर, जलबेहड़ा रोड अंबाला शहर, फ्रैंडस कॉलोनी अंबाला शहर, पालम विहार अंबाला कैंट, सुंदर नगर अंबाला कैंट, बीसी बाजार अंबाला कैंट, प्रेम नगर अंबाला शहर, लाइपुर बस्ती अंबाला शहर, हमीदपुर, कृष्णा कॉलोनी नारायणगढ़, काठगढ़, हाश्मी मोहल्ला अंबाला कैंट से 2-2, सेक्टर-15 से 9, सेक्टर-7 से छह, गांव कुराली से 10, पथरेहड़ी, नारायणगढ़ वार्ड नंबर छह और टैगोर गार्डन अंबाला छावनी से 5- 5 व अन्य जगहों से नए केस सामने आए।
पुलिस लाइन और सेक्टर-9 पर बढ़ा संकट
कोरोना की दूसरी लहर से अभी तक शहर की पुलिस लाइन बची हुई थी, लेकिन पिछले दो दिनों से पुलिस लाइन में भी कोरोना की दस्तक हो चुकी है। ऐसे में पुलिस कर्मियों का संक्रमित होने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी तरह सेक्टर-9 में शनिवार को 15 नए मामले आए और अभी तक यहां 80 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि सेक्टर 9 को पहले ही प्रशासन ने मैक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया हुआ है लेकिन अभी भी यहां गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगने के कारण स्थिति काबू से बाहर होती जा रही है। इसी तरह सेंट्रल जेल और बाल सुधार गृह में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या दर्जनों में हो चुकी है।