पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का चुनाव नारायणगढ़ और शहजादपुर ब्लाक में रविवार को संपन्न हो गया। इस चरण में दोनों ब्लॉक में 87.5 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। नारायणगढ़ खंड की 86 ग्राम पंचायतों में गांव आजमपुर, छोटी कोहडी, शाहपुर तथा सम्भालवा का चुनाव निर्विरोध हो गया। जबकि खंड में बची 82 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 259 उम्मीदवारों के लिए लोगों ने मतदान किया। उधर, शहजादपुर खंड की 68 ग्राम पंचायतों में से दो ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्वरोध चुने जाने से 66 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 197 उम्मीदवारों के लिए ग्रामीणों ने वोट दिए। इस दौरान सभी बूथों पर पुलिस फोर्स तैनात रही, जबकि संवदेनशील और अति संवदेनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स भी तैनाती रही। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना 28 जनवरी को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
अफसरों ने किया दौरे
चुनाव पर्यवेक्षक रेणू फूलिया, उपायुक्त अशोक सांगवान तथा एडीसी मोनिका मलिक ने नारायणगढ तथाशहजादपुर ब्लॉक के लिए बनाये गये कन्ट्रोल रूम और स्ट्रोंग रूम का भी दौरा किया। उपायुक्त अशोक सांगवान ने नारायणगढ और शहजादपुर विकास खंड के विभिन्न गांवों का दौरा करके चुनाव प्रक्रिया का जायजा लिया और मतदाताओं से चुनाव के प्रबंधों का जायजा लिया। इसके अलावा चुनाव पर्यवेक्षक रेणू फूलिया ने भी गांव रज्जूमाजरा, नन्हेडा, डैहर, अम्बली, छज्जलमाजरा, छोटी बस्सी, अकबरपुर, सैनमाजरा सहित क्षेत्र के कईं गांवों में चल रहे मतदान का निरीक्षण किया। उधर, एडीसी मोनिका मलिक तथा एसीपी रमेश कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीभी थोडे-थोडे अंतराल के बाद मतदान केन्द्रों का दौरा करते कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते रहे।
146053 ग्रामीणों ने दिया वोट
दोनों खंडों में चुनाव के दौरान 146053 ग्रामीणों ने अपने मत का इस्तेमाल किया। खंड शहजादपुर में 71506 मतदाताओं के लिए 174 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जबकि खंड नारायणगढ़ में 74547 मतदाताओं के लिए 169 मतदान केंद्र बनाए गए। ग्रामीणों ने सुबह से यहां पहुंचे लंबी कतारों में लगकर मतदान किया। उधर, शहजादपुर खंड में 539 पंच में से 362 पंच पदों के लिए भी चुनाव हुआ। उधर, खंड नारायणगढ़ में 643 पंचों में से 389 पंच पदों के लिए चुनाव लड़ा गया। जबकि पंचों की बाकी सीटों पर निर्विविरोध चुनाव हो चुका है।