अंबाला। अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए जा रहे आजादी के पहले स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित शहीदी स्मारक का शनिवार को उपायुक्त डाॅ शालीन ने अवलोकन किया। डॉ शालीन ने 1857 की क्रांति से जुड़े शहीदी स्मारक के प्रत्येक तल पर जाकर वहां पर किए जा रहे कार्यों की प्रगति जानी। कार्यकारी अभियंता ने बताया कि शहीदी स्मारक के तहत सिविल वर्क का कार्य अधिकतर कर लिया गया है। लगभग 85 प्रतिशत कार्य किया जा चुका है। आर्ट एंड वर्क से संबंधित कार्य के जल्द ही टैंडर लगा दिया जाएगा। खास बता है कि गृहमंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस कार्य को छह माह के भीतर पूरा करा लिया जाए। उनकी मंशा है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शहीद स्मारक का उद्घाटन कराएं। ताकि अंबाला की धरती से देशभर में देशभक्ति का एक संदेश जाए।
युवाओं को प्रेरित करेगा यह सेंटर
उपायुक्त ने कहा कि आजादी की गाथा बहुत लंबी है और इस शहीद स्मारक के द्वारा युवाओं और आने वाले पीढियों को आजादी के संग्राम और शहीदों के बारे में जानकारी मिले, इस बात को ध्यान में रखते हुए अंबाला छावनी में शहीद स्मारक का निर्माण करवाया जा रहा है। जिससे कि युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।