अंबाला सिटी। सीजेएम एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दानिश गुप्ता की अध्यक्षता में केंद्रीय कारागार अंबाला में लोक अदालत लगाई गई। इस लोक अदालत में 10 मुकदमे रखे गए थे, जिनमें से 4 मुकदमे का फैसला किया गया और 5 बंदी छोड़े गए। सीजेएम एवं सचिव दानिश गुप्ता ने बताया कि इन मुकदमों में 174 सीआरपीसी के अलावा दो प्रोक्लेम्ड ओफेंडर व चोरी के मुकदमे थे जिनका लोक अदालत में फैसला किया गया।
सीजेएम ने बताया कि केंद्रीय कारागार में हर पहले बुधवार को लोक अदालत लगाई जाती है। इसके अलावा जिला न्यायालय अंबाला में हर अदालत में दैनिक लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। अत: कोई भी व्यक्ति जिसका मुकदमा जिला न्यायालय अंबाला व सब डिवीजन नारायणगढ़ में लंबित हो उसे लोक अदालत में रखकर उसका फैसला करवा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि नौ मार्च को जिला न्यायालय, अंबाला व सब डिवीजन, नारायणगढ़ की सभी अदालतों में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा जिसमें अपना लंबित मुकदमा लगाकर कोई भी व्यक्ति नेशनल लोक अदालत का लाभ उठा सकता है। इसके अलावा आठ मार्च को स्थायी लोक अदालत में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रीलिटिगेशन स्टेज के मामले रखे जाएंगे।