फोटो नंबर : 7 व 8
एक साल में पार्क निर्माण का कार्य सिर्फ 20 प्रतिशत, खफा मंत्री विज बोले
‘ऐसे काम चलेगा को दस साल लगेंगे सुभाष पार्क बनने में’
पार्क निर्माण कार्य को लेकर मंत्री ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुभाष पार्क में बैठक की
कार्य में पेश आने वाली समस्याओं को जाना और तेजी से निर्माण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने सुभाष पार्क के निर्माण में लगातार हो रही देरी पर चिंता जताई। बुधवार दोपहर वह पार्क निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए पहुंचे। इस दौरान नगर निगम, सिंचाई विभाग, निर्माण ठेकेदार व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री विज को पार्क की ड्राइंग व अन्य जानकारियां दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि अभी पार्क का 20 प्रतिशत ही काम पूरा हुआ है। धीमी रफ्तार पर विज खफा दिखे और अधिकारियों को बोले कि ‘ऐसे काम चलेगा को दस साल लगेंगे सुभाष पार्क बनने में’। उन्होंने अधिकारियों को तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह हर माह आकर कार्य की प्रगति देखेंगे।
विज ने सुभाष पार्क का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण प्रोजैक्ट है तथा इसके सुंदरीकरण के लिए 17.85 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। जिस प्रकार से सुभाष चंद्र बोस का व्यक्तित्व एवं कद था उसी के तहत इस पार्क को भव्य एवं बेहतरीन तरीके से बनाया जाएगा। उन्होंने वेब कोस कंपनी के चीफ आरपी गुप्ता, कांट्रेक्टर व नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से पार्क में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पार्क में सुभाष चंद्र बोस की ऊंची प्रतिमा बनाने के निर्देश दिए, वहीं वॉकिंग के लिए फुटपाथ को 10 फुट चौड़ा करने तथा यहां पर बेहतरीन टाइलें लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ-साथ उन्होंने नालों के ऊपर वाले पुलों को डिजाइनदार बनाने, स्केटिंग रिंग, वाटर बॉडी, चिल्ड्रन कॉर्नर, लेक, शेड, ओपन एयर थियेटर, टॉयलेट सहित अन्य कार्यों के बारे में जानकारी ली और इन कार्यों को तेजी से करने बारे निर्देश दिए। उन्होंने पार्क में ठेकेदार को 15 फुट ऊंचे पौधे लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान निगम कमिश्नर जयबीर सिंह आर्य, ज्वाइंट कमिश्नर सत्येंद्र सिवाच सहित कैंटोनबोर्ड उपाध्यक्ष अजय बवेजा, आशीष तायल, बंटी मौजूद रहे।