एक अप्रैल से आंरभ होंगे स्कूलों में दाखिले
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। हरियाणा राज्य शिक्षा बोर्ड भिवानी ने विद्यार्थियों के लिए स्कूल में दाखिलों से संबंधित सभी शर्तों और नियमों की जानकारी स्कूल प्राध्यापकों तक पहुंचा दी है। आदेशों में कहा है कि नौंवी और ग्यारहवीं कक्षा के साथ अन्य कक्षाओं के लिए भी एक अप्रैल से दाखिले आरंभ हो जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से बोर्ड परीक्षा के बाद जो छात्र दाखिला लेगा, उसे दस कार्य दिवस के अंदर दाखिला लेना होगा। जो छात्र प्रवेश पात्रता की शर्तों पर खरा नहीं उतरता है, उसे दाखिला नहीं दिया जाएगा। यदि कोई संस्थान मुखिया ऐसा करता भी है तो इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा।
निर्देशो के अनुसार जो विद्यार्थी नौंवी कक्षा में दाखिला चाहता है, वह 20 अप्रैल तक स्कूल में दाखिला करवा सकता है। यदि कोई इन दिनों में स्कूल में दाखिला नहीं करवा पाता, तो वह संस्था के मुखिया की अनुमति से 30 अप्रैल तक दाखिला ले सकता है। ऐसा ही कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों के लिए भी होगा। इनके दाखिले एक अप्रैैल से आरंभ हो जाएंगे। जो विद्यार्थी परीक्षा के परिणाम आने के बाद दाखिला लेना चाहता है, तो उन छात्रों को दस कार्यदिवस में प्रवेश लेना होगा।
अन्य राज्यों के विद्यार्थियों को माईग्रेशन के बाद मिलेंगे 20 दिन
विभाग ने निर्देश दिए हैं कि यदि कोई विद्यार्थी माईग्रेशन लेकर स्कूल में दाखिला लेता है, तो उसे माईग्रेशन तिथि से 20 दिनों में प्रवेश लेना होगा। यदि कोई संस्था भी ऐसा करती है, तो उस छात्र का नामांकन जारी न होने पर संस्थान जिम्मेदार होगा।
बिना आधार कार्ड नहीं होगा प्रवेश
यदि किसी छात्र के पास आधार कार्ड नहीं है, तो वह आधार कार्ड बनवा लें। क्योंकि, जिस भी छात्र के पास आधार कार्ड नहीं होगा, वह छात्र स्कूल में दाखिला नहीं ले सकेगा। विभाग के अनुसार हर छात्र को दाखिले के समय अन्य कागजों के साथ आधार कार्ड देना जरूरी है। यदि किसी छात्र के पहचान पत्रों में माता-पिता और अपने नाम में शुद्धि करवाना चाहता है तो संस्था मुखिया की आज्ञा से आधार कार्ड के अनुसार शुद्धि करवा सकता है।
एक अप्रैल को छुट्टी होने के कारण दो अप्रैल से स्कूलों में दाखिलों की प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। निर्देशों के अनुसार ही स्कूलों में दाखिले होंगे। जो भी नया छात्र स्कूल में दाखिला लेना चाहता है। वह फार्म कर आसानी से दाखिला करवा सकता है।
उमा शर्मा, डीओ।