हो गई मैं शिरड़ी वाले की दीवानी हो गई... पर जमकर झूमे श्रद्धालु
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। सूफी गायिका सोना जाधव (इंदौर) ने जब साईं भजनों के सुर छेड़े, तो दर्शक झूम उठे। वह शुक्रवार देर रात साईं धाम सेवा समिति नारायणगढ़ के साईं मंदिर के चौथे स्थापना दिवस समारोह के समापन अवसर पर साईं भजन संध्या में बाबा का गुणगान कर रहीं थीं। साईं मंदिर सुबह से लेकर रात तक बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। इससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
साईं भजन संध्या का शुभारंभ मेरे पिछले जन्म के अच्छे कर्म... भजन के साथ किया गया। उसके बाद प्रणाम तेरी शिरड़ी को साईं प्रणाम..., एक फकीरा आया शिरड़ी गांव में..., बात कुछ भी हो मेरी जान लेता है तू - गिरने लगता हूं तो थाम लेता है तूं..., हो गई मैं शिरड़ी वाले की दीवानी हो गई..., भरदो झोली मेरी शिरड़ी वाले... आदि भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते रहे। मैं दीवानी हो गई रे मैं दीवानी हो गई..., बाबा दे द्वारे मुझे नच लैन दे..., दीवाना तेरा आया, शिरडी वाले सांई बाबा.... कव्वाली आदि पर पंडाल में उपस्थित सभी श्रद्धालु जमकर नाचे। इस साईं भजन संध्या की विशेष बात यह रही कि समारोह में उपस्थित सूफी गायिका सोना जाधव ने शेरो-शायरी के माध्यम से भी बाबा का गुणगान किया। साईं भजन संध्या से पूर्व सांई धाम सेवा समिति नारायणगढ़ ने बाबा के अटूट लंगर का आयोजन किया। समिति की ओर से शिरडी मंदिर के मुख्य पुजारी सुलाखे गुरुजी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर साईं धाम सेवा समिति के प्रधान मनीष मित्तल, अशोक शर्मा, नरेंद्र शर्मा, मदन चानना, अश्वनी वालिया, अमित वालिया, राजविंद्र वालिया, सुभाष धीमान, शिविश वशिष्ठ, अजय वालिया, लाजपत, रणबीर सिंह, पुष्पिंद्र सिंह, टोनी चानना आदि मौजूद रहे।