सिटी और कैंट में अलग-अलग सब डिवीजनों में लगेंगे खुले दरबार
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
भाजपा व्यापार मंडल ने मंगलवार को बिजली विभाग के एसई वीके खुराना से मुलाकात की एवं उन्हें उपभोक्ताओं को बिजली विभाग से होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। उपभोक्ताओं को सबसे ज्यादा परेशानी बिजली के गलत बिल आने पर है। इस पर वीके खुराना ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मीटर की रीडिंग एवं बिल वितरण की जिम्मेदारी वाली कंपनी को सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिए।
व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल एवं एसई वीके खुराना से कैंट में खुले दरबार का आयोजन करने के बारे भी आह्वान किया ताकि गलत बिलों को ठीक करके इस समस्या का मौके पर ही निवारण किया जा सके। एसई खुराना ने कैंट एवं सिटी एक्सईएन को खुला दरबार लगाने के दिशा निर्देश दिए। अब 5, 6, 7, 8 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कैंट एवं अंबाला शहर में बिजली विभाग के कार्यालय में एसई की अध्यक्षता में उपभोक्ताओं के लिए खुला दरबार लगाया जाएगा जिसमें विभाग के एक्सईएन, एसडीओ व अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। अधिकारी उपभोक्ताओं के बिलों की समस्याओं का मौके पर ही निवारण करेंगे। एसई खुराना ने कहा कि हरियाणा सरकार एवं बिजली विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं का निवारण करने के लिए वचनबद्ध है। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रधान अनिल धीर, मुख्य सचिव विनय मेहता, उपप्रधान आशीष अग्रवाल एवं नरेश धवन, कोषाध्यक्ष संजीव शर्मा मौजूद रहे।
यहां लगेगा बिजली निगम का खुला दरबार
अंबाला कैंट।
5 मार्च बिजली कार्यालय सब डिवीजन नंबर एक, 12 क्रॉस रोड अंबाला कैंट।
6 मार्च बिजली निगम कार्यालय क्वालिटी सब डिवीजन नंबर दो अंबाला कैंट।
7 मार्च बिजली कार्यालय सब डिवीजन बब्याल।
8 मार्च बिजली कार्यालय सब डिवीजन केसरी।
अंबाला सिटी।
5 मार्च बिजली कार्यालय सब डिवीजन ईस्ट, बादशाही बाग, अंबाला सिटी।
6 मार्च बिजली कार्यालय सब डिवीजन वेस्ट, शालीमार कॉलोनी, जैन कॉलेज रोड, अंबाला सिटी।
7 मार्च बिजली कार्यालय सब डिवीजन मॉडल टाउन, न्यू मॉडल कॉलोनी, पुरानी सेशन कोर्ट के पीछे अंबाला सिटी।
8 मार्च बिजली कार्यालय सब डिवीजन, चौड़मस्तपुर।