अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारायणगढ में दिव्यांग बच्चों के देखभाल, पठन पाठन, पीडबल्यूडी एक्ट 2016 विषय पर अभिभावकों को प्रेरित करने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के प्रधानाचार्य तेजपाल के अभिभाषण के साथ हुई।
उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने बच्चे का विशेष ध्यान देना चाहिए और उसकी रुचि के अनुसार उसकी शिक्षण प्रशिक्षण की व्यवस्था करनी चाहिए। नवीन ने अपने पीपीपी प्रस्तुतिकरण को दिखाया और कि इसमें उन्होंने बच्चों के सामान्य व्यवहार को सुधारने हेतु प्रयास करने की तरफ जोर देने को कहा। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को सहानुभूति की नहीं बल्कि समानुभूति की जरूरत है। बच्चे को किसी भी प्रकार से कमजोर न समझे और उनके लिए अगर आप समय देंगे तो निश्चित रुप से आपकी तपस्या बेकार नहीं जाएगी और एक न एक दिन बच्चे को आप कामयाबी दिलाने में सफल होंगे। दिनेश पाण्डेय ने दृष्टिबाधित या अल्प दृष्टि या अन्य प्रकार के आंखों संबंधी दिव्यांगता पर विस्तार से प्रकाश डाला।