अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
सनातन धर्म कॉलेज में शनिवार रंजिशन करीब 7-8 युवकों ने कैंटीन में बैठे छात्रों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद हमलावर सरेआम हथियार लहराते हुए कॉलेज से फरार हो गए। सूचना पाकर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मारपीट में घायल बब्याल निवासी बीएससी फाइनल ईयर के छात्र अभिषेक ने बताया कि वह अपनी क्लास के ही साथी छात्र दिवाकर निवासी डिफैंस कालोनी के साथ कालेज कैंटीन में चाय पीने पहुंचा था। जैसे ही वह कैंटीन में बैठकर चाय आने की प्रतीक्षा कर रहे थे कि अचानक से कालेज का ही युवक करीबन 6-7 युवकों के साथ मौके पर पहुंचा। इतने में कुछ समझ पाते कि हमलावरों ने मारपीट शुरू कर दी और तेजधार हथियार से हमला कर फरार हो गए। इस मारपीट की वारदात के बाद कालेज के छात्रों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने घायलों को कैंट सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां डाक्टर ने युवकों का प्राथमिक उपचार कर दाखिल कर लिया। इलाका पुलिस का कहना है कि मारपीट में घायल छात्रों की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।