अंबाला सिटी। राज्य सरकार द्वारा जिला स्टेडियम कमेटियों का नाम बदलकर अब जिला खेल परिषद का गठन किया गया है। जिला स्तर पर इस परिषद के चेयरमैन उपायुक्त प्रभजोत सिंह होंगे और सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक, चेयरमैन जिला परिषद, मेयर नगर निगम, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता, जिला में स्थित सभी राजकीय महाविद्यालयों के प्रिंसिपल, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी, सिविल सर्जन, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी को शामिल किया गया है।
इस समिति के सदस्य सचिव जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी होंगे। यह जानकारी अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी आरके सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि जिला खेल परिषद का गठन करने के साथ-साथ सरकार द्वारा यह निर्णय भी लिया गया है कि खेल परिषद में खेल गतिविधियां ही आयोजित की जा सकेगी। इन खेल परिसरों में पुलिस और सेना भर्ती, विवाह, शादी, रैली समारोह व इस तरह के अन्य सार्वजनिक समारोह आयोजित नहीं हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि आवश्यकता अनुसार जिला खेल परिषद में खेल पृष्ठभूमि से संबंधित नागरिकों, जिला ओलंपिक संघ के सचिव, खेल संघों के पदाधिकारी तथा जन प्रतिनिधियों में से भी आवश्यकतानुसार किसी को सदस्य के रूप में शामिल किया जा सकता है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम कैंट के शॉपिंग कांपलेक्स की दुकानों का अधिकार क्षेत्र भी अब जिला स्टेडियम कमेटी की बजाए जिला खेल परिषद के पास होगा। इस अवसर पर डीएसपी राजेश कुमार, जिला परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र राणा, मेयर रमेश लाल मल, बीईओ उमा शर्मा, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी अरुण कांत सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।