फोटो नंबर :: 25 व 26
मंडे मार्केट पर महंगाई की मार, निगम वसूलेगा एक फड़ी के 1000 रुपये
फड़ लगाने वालों ने जताया विरोध, आठ सौ से अधिक फड़ लगाने के लिए किए आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। गांधी मैदान में लगने वाली मंडे मार्केट पर भी महंगाई की मार पड़ गई है। निगम दो टेबल या एक फड़ (10 बाई 10) के लिए जहां एक हजार रुपये वसूलेगा, जबकि इसके लिए आठ सौ से अधिक लोगों ने आवेदन भी किया है। इससे जहां कुछ फड़ लगाने वाले विरोध में उतर आए हैं, वहीं इसे निगम की धक्काशाही बता रहे हैं। दूसरी ओर इस मंडे मार्केट से निगम को अच्छी खासी आमदनी होगी।
उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने अंबाला कैंट के बाजारों से हटाकर मंडे मार्केट के लिए गांधी मैदान में जगह दी है। अब विभिन्न हिस्सों से फड़ लगाने के लिए लोग सोमवार को अंबाला कैंट पहुंचते हैं। अंबाला में यह मार्केट काफी जड़ें जमा चुकी है और सैकड़ों लोग मंडे मार्केट में अपनी फड़ लगाने के लिए पहुंचते हैं। निगम द्वारा एक हजार रुपये की पर्ची काटने के विरोध में रविवार शाम कुछ फड़ संचालकों ने विरोध जताया है। फड़ संचालकों में सुरिंदर, शुभम, विक्की, कमल, राकेश, पवन, राजबीर, राकेश काका, हन्नी, काका, प्रयास, प्रतीक, अर्जुन, अजीम, महावीर, अंकित, सूरज, मुकीम का कहना है कि नगर निगम एक फड़ के निश्चित एरिया के लिए बहुत अधिक फीस वसूल रहा है। निगम यह किराया फड़ संचालकों पर थोप रहा है, जबकि यह किराया कम होना चाहिए। कई जगहों पर प्रदेश में इस तरह की मार्केट लगती हैं, जहां इससे कहीं कम किराया लिया जाता है। उन्होंने कहा कि इसका निगम अधिकारियों के समक्ष विरोध किया जाएगा।
इनेलो ने जताया विरोध
उधर इस मामले में कई राजनीति दल भी कूद पड़े हैं। इनेलो व्यापार सेल के जिलाध्यक्ष ओंकार सिंह ने कहा कि प्रशासन इन फड़ संचालकों के साथ गलत कर रहा है, जबकि जो किराया लिया जाएगा, वह कहीं अधिक है। यह छोटे कारोबारी हैं, जबकि कई ऐसे हैं, जो यह किराया दे पाने में असमर्थ हैं। ऐसे में निगम इस बारे में सोचे ताकि हर किसी को फड़ लगाने में दिक्कत न हो।
गुमराह कर सेक रहे राजनीतिक रोटियां
भाजपा सदर मंडल के महासचिव राजीव डिंपल ने कहा कि कुछ इनेलो नेता ओछी राजनीति करके जनता को गुमराह कर रहे हैं। मंडे मार्केट में फड़ लगाने के लिए निगम पूरी व्यवस्था कर रहा है और सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। मगर राजनीति चमकाने के लिए कुछ नेता मात्र कुछ फड़ वालों को भड़का रहे हैं जोकि सरासर गलत है।
कोट
मंडे मार्केट में फड़ लगाने वालों को अस्था तहबाजारी के तहत यह व्यवस्था की गई है। इस बारे में अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। यहां निगम द्वारा व्यवस्था बनाई जा रही है।
-सत्येंद्र सिवाच, आयुक्त, नगर निगम अंबाला।