परिवार के लिए आफत बनी बारिश, छत गिरने से पांच दबे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। रंगिया मंडी में बुधवार देर रात आई बारिश एक परिवार के लिए आफत बनकर बरसी। तेज बारिश में घर की कच्ची छत गिर गई, जिसमें पांच सदस्य दब गए। पड़ोसियों ने आनन-फानन में सभी को मिट्टी से बाहर निकाला। घटना में दो लोगों को अंदरूनी चोटें आई हैं।
परिवार के अजय (19) ने बताया कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है और वह प्राइवेट काम करके अपने घर का पालन पोषण कर रहा है। बुधवार को घर में मीनाक्षी (18), खुशबू (15), गणेश (13), राधिका (5), प्रिंस (5) सोए हुए थे। देर रात अचानक शुरू हुई तेज बारिश में उनके घर की छत गिर गई, जिसमें सभी पांचों सदस्य दब गए। घटना का पता चलते ही पड़ोस में रहने वाला उनका चाचा व अन्य पड़ोसी तुरंत घर में पहुंचे और मिट्टी में दबे परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला। लोगों का कहना है कि यदि बचाव कार्य में देरी हो जाती तो बड़ी घटना हो सकती थी। इस घटना में अजय व प्रिंस को अंदरूनी चोटें आई हैं। अजय ने बताया कि घर का सारा सामान बर्बाद हो चुका है और अब खाने के भी लाले पड़े हैं।