राजनीतिक जंग में पस्त हो चुकी है कांग्रेस : सांसद
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़ (अंबाला)।
सांसद रतन लाल कटारिया ने जस्टिस लोया की मौत पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को सच्चाई की जीत करार देते हुए कहा कि राजनीतिक जंग में कांग्रेस पस्त हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी कोर्ट के रास्ते राजनीतिक लड़ाई लड़ना चाहती है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अनुचित तरीके से बदनाम करने के लिए ही यह सब किया गया, जिसमें कांग्रेस विफल साबित हुई। वे नारायणगढ़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस याचिकाकर्ता न होने की बात भले ही कर रही है, लेकिन इसके पीछे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का ही अदृश्य हाथ था। यह केस जनहित में नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी को लाभ पहुंचाने के लिए ही कोर्ट में डाला गया। कांग्रेस ने पब्लिक इंटरस्ट लिटिगेशन को पॉलिटिकल इंटरस्ट लिटिगेशन के रूप में प्रयोग किया है।
सांसद ने कहा कि अब भी तुच्छ राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस नेता तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व उसके नेता भारत के ज्यूडिशियल सिस्टम से खिलवाड़ न करें। उन्होंने कहा कि कई बार कोर्ट के जजमेंट राम मंदिर, भगवा करण को लेकर आए और हमने अपना संतुलन नहीं खोया व कोर्ट के फैसलों का सदैव सम्मान किया है। जिस प्रकार से स्वामी असीमानंद को कोर्ट द्वारा बरी किया गया, उससे यह संदेश गया है कि कांग्रेस पार्टी भाजपा पार्टी के विचार, परिवार को बदनाम करने पर तुली हुई है।
सांसद ने इनेलो, बसपा गठबंधन को बेमेल गठबंधन बताते हुए कहा कि यह गैर सैद्धांतिक गठबंधन है, जोकि अपनी स्वार्थ पूर्ति के लिए किया गया है। दोनो पार्टियां अपना राजनीतिक वजूद बचाने के प्रयास कर रही है। इस अवसर पर मारकंडा मंडल प्रधान नरेंद्र राणा कुराली, राज्यमंत्री के राजनीतिक सचिव सोहन सिंह, मंगूराम कंजाला, मा. शिवप्रकाश, टीटू राणा बड़ागांव आदि मौजूद रहे।