पुलिस ने उखाड़ा हड़तालियों का टेंट, पांच हिरासत में, पूछताछ के बाद छोड़ा
फोटो नंबर-------35 और 36
पुलिस को भी कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका, सिटी रोडवेज कार्यालय व वर्कशॉप के पास पुलिस बल तैनात
अंबाला कैंट बस स्टैंड से जिलेभर व अन्य स्थानों के लिए चलीं 130 बसें
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बुधवार देर रात जहां पुलिस ने धरने पर बैठे कर्मचारियों के टेंट को उखाड़ दिया, वहीं पुलिस ने पांच कर्मचारी नेताओं को हिरासत में लिया है। हालांकि पूछताछ के बाद इन सभी को छोड़ दिया गया। उधर, अभी भी कई यूनियन नेता अंडरग्राउंड हैं।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को आशंका थी कि रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सिटी स्थित रोडवेज कार्यालय व वर्कशॉप परिसर के आसपास हालात बिगड़ सकते हैं। वीरवार को भी मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि शांति भंग होने की आशंका के चलते पुलिस ने रोडवेज डिपो के साथ लगते राजपूत छात्रावास पर रेड की। इस दौरान छात्रावास के एक कमरे, जो रोडवेज कर्मी रिशपाल, गुरदीप सिंह के नाम से बुक हैं, से पांच लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस उन्हें अपने साथ बलदेव नगर की ओर ले गई। सूत्रों के अनुसार उनसे पूछताछ की गई और लगभग दो घंटे बाद रोडवेज कर्मचारियों को छोड़ दिया गया।
यह कहते हैं यूनियन नेता
यूनियन नेताओं का कहना है कि प्रदेश सरकार रोडवेज कर्मियों के आंदोलन को कुचलने के लिए अब हर हथकंडा अपना रही है, ताकि जल्द हड़ताल को खत्म करवाया जाए। सरकार की रोडवेज यूनियनों से अब तक चली कई दौर की वार्ताएं विफल हो चुकी हैं। कई दिन से रोडवेज वर्कशॉप के बाहर धरना दे रहे कर्मचारियों के धरनास्थल के तंबू को सरकार के आदेश पर रात एक बजे ही उखाड़ दिया गया। वहीं दूसरी ओर आंदोलन को विफल करने के लिए रोडवेज यूनियन नेताओं की लगातार गिरफ्तारियां की जा रही हैं। यही कारण है कि अब कई यूनियन नेता अंडरग्राउंड हो चुके हैं।
सामान्य दिनों की तरह चलीं बसें
ट्विन सिटी में बसों का संचालन अंबाला कैंट बस स्टैंड से किया जा रहा है। बस स्टैंड से वीरवार को सामान्य दिनों की तरह 130 बसों का संचालन किया गया। छावनी बस अड्डा इंचार्ज रामरतन शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए समय समय पर अनाउंसमेंट की जा रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार को अंबाला डिपो में लगभग 10 लाख 30 हजार का कैश जमा हुआ।
कोट
रोडवेज के कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, जिसके पश्चातउन्हें छोड़ दिया गया है।
-जसवंत सिंह, एसएचओ, बलदेव नगर थाना।