506 यात्रियों ने हस्ताक्षर कर डीआरएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। चंडीगढ़ से शाम को अंबाला आने वाली पैसेंजर ट्रेन (नंबर 64564) के समय में परिवर्तन के लिए बुधवार को दैनिक यात्रियों ने डीआरएम दिनेश शर्मा को 506 यात्रियों का हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र सौंपा। बुधवार सुबह डीआरएम कांप्लेक्स में पहुंचे दैनिक यात्रियों ने मांग उठाई कि पैसेंजर ट्रेन का समय रेलवे ने 35 मिनट पहले कर दिया है, जिस कारण उन्हें चंडीगढ़ से अंबाला आने के लिए बसों का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि 15 अगस्त से पहले इस ट्रेन का समय बिल्कुल सही था। बता दें कि गत दिनों दैनिक यात्रियों ने धूलकोट रेलवे स्टेशन पर हस्ताक्षर अभियान चलाया था। यात्रियों की इस समस्या को अमर उजाला ने पूर्व में भी प्रकाशित किया था।
दैनिक यात्रियों में शामिल राजीव शर्मा, दीपक बत्तरा, मोहित सहगल, सुशील, हिमांशु, अजय, नीरज शर्मा, विकास, पंकज, नवनीत बत्तरा, रमन सिंह, विशाल, अनुभव व अन्य ने कहा कि 15 अगस्त से पहले ट्रेन शाम 6.35 मिनट पर चंडीगढ़ से अंबाला के लिए चलती थी, मगर रेलवे ने 15 अगस्त के बाद ट्रेनों का टाइम टेबल बदल दिया जिस कारण पैसेंजर ट्रेन को अब शाम छह बजे चलाया जा रहा है जिस कारण सैकड़ों दैनिक यात्रियों की ट्रेन मिस हो रही है। यात्रियों ने पहले सीनियर डीओएम एवं सीनियर डीसीएम से मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया। रेल अधिकारियों ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके उपरांत यात्रियों ने डीआरएम से भी मुलाकात की।
डीआरएम ने यात्रियों का आश्वस्त किया कि ट्रेन को पूर्व के समय में चलाने के लिए विचार किया जाएगा और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले में कार्रवाई की जाएगी। डीआरएम ने यात्रियों के ही समक्ष सीनियर डीओएम से भी मामले को लेकर चर्चा की। इस दौरान यात्रियों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन भी सौंपा। यात्रियों ने ट्रेन के समय में परिवर्तन के अलावा पैसेंजर ट्रेन के डिब्बों को बढ़ाने की भी मांग उठाई जिस पर रेल मुख्यालय से चर्चा करने का आश्वासन डीआरएम ने दिया।