पॉलिथीन बंद होने पर मंडी के दुकानदार बोले- प्रतिदिन बचेंगे 300 रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। सिटी की नई फल एवं सब्जी मंडी में मार्किट कमेेटी की ओर से पॉलिथीन हटाने की घोषणा कर दी है। लेकिन, कई दुकानदार ऐसे हैं जो अभी भी पॉलिथीन के बैग में ग्राहकों को सब्जियां दे रहे हैं। वहीं शुक्रवार को सब्जी विक्रेताओं को स्थाई स्थान मिलने की होने वाली अलाटमेंट को भी टाल दिया गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले हफ्ते तक दुकानदारों को जगह दी जाएगी।
सब्जी एवं फल विक्रेता पॉलिथीन बंद होने से काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि पॉलिथीन बंद हो जाने से प्रतिदिन उनकी बचत होगी। प्रतिदिन उनके 300 रुपये से अधिक के लिफाफों की खरीदारी होती है, वहीं बड़े व्यापारियों का तो प्रतिदिन 500 रुपये से अधिक का खर्च हो जाता है। अगर पॉलिथीन बैग बंद होंगे तो प्रतिदिन उनके खर्च होने वाले 500 रुपये की बचत होगी। पर्यावरण को होने वाले नुकसान से भी बचाव होगा।
यह कहते हैं दुकानदार
दुकानदार हरवंश ने बताया कि वह प्रतिदिन 300 रुपये से अधिक के प्लास्टिक के बैग रखता है। अगर मंडी में सख्ती से बैन लगाया जाएगा तो उन्हें भी सुविधा होगी और खर्च भी बचेगा। साथ ही मंडी में लिफाफों के कारण होने वाली गंदगी भी कम होगी।
दुकानदार जग्गा सिंह ने कहा कि मार्केट कमेटी द्वारा यह काफी अच्छा कार्य किया जा रहा है। मार्केट कमेटी की ओर से पूर्ण रूप से प्लास्टिक पर बैन लगाना चाहिए, ताकि मंडी में फैल रही गंदगी को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।
दुकानदार सुभाष चंद ने कहा कि पिछले कई सालों से कई बार प्लास्टिक बैग को बंद करने की बात चली है, लेकिन अभी तक कहीं भी इस पर सख्ती से अमल नहीं हुआ है। अब देखते हैं कि मार्केट कमेटी की ओर से कितनी सख्ती एवं कितनी देर तक सख्ती रहती है।
दुकानदार तिलकराम यादव ने बताया कि उनका भी प्रतिदिन 400 रुपये के लगभग का लिफाफा लग जाता है। अगर मंडी में प्लास्टिक बैग बंद हो जाएगा तो उन्हें भी काफी सुविधा होगी। ग्राहक बैग लेकर मंडी में आएं जिससे प्रतिदिन लिफाफों पर खर्च होने वाले रुपयों की बचत होगी।
मंडी में प्लास्टिक के लिफाफे के प्रयोग को बंद करने की घोषण करवा दी है। जहां नहीं पहुंची है, वहां पर जब चालान किए जाएंगे तब पहुंच जाएगी। अगर कोई दुकानदार एक से अधिक बार प्लास्टिक के लिफाफे का प्रयोग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- धमेंद्र पाल सिंह, सचिव, मार्केट कमेटी, अंबाला।