अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। कई दिनों से तोपखाना परेड में जमीन के मालिकाना हक को लेकर संघर्षरत माली परेड के निवासियों ने रविवार दोपहर पैदल रोष मार्च निकालते हुए मंत्री अनिल विज की शास्त्री कॉलोनी का घेराव किया। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी की। इसके बाद मंत्री विज को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें लोगों ने माली परेड के मालिकाना हक देने की मांग उठाई। मंत्री विज ने लोगों को बताया कि उनके हक के लिए वह संघर्षरत है और जमीन के बदले राज्य सरकार सेना को राशि ट्रांसफर करेगी। उन्हें जल्द ही हक मिलेगा। मंत्री के आश्वासन के बाद लोग वापस रवाना हुए। बता दें कि गत दिनों तोपखाना परेड में अवैध निर्माण की सूचना मिलने पर कैंटोनमेंट बोर्ड ने निर्माण को ध्वस्त किया था। इसके बाद लोग प्रदर्शन पर उतर आए थे। तभी से लगातार प्रतिदिन क्षेत्रवासी मालिकाना हक जनसभा के नेतृत्व में विरोध जता रहे थे।
इंदिरा पार्क में हुए इकट्ठा, निकाला पैदल मार्च
रविवार को इंदिरा पार्क में इकट्ठा हुए तोपखाना परेड निवासियों ने पैदल मार्च निकाला। बाजारों से मार्च निकालते हुए वह शास्त्री कॉलोनी पहुंचे जहां उन्होंने नारेबाजी की। भीड़ देखते पुलिस ने कालोनी के गेट बंद कर दिए और बाहर ही रोक दिया। इस बीच लोग गेट के आगे ही धरने पर बैठ गए। इनमें सैकड़ों की संख्या में इलाके की महिलाएं भी शामिल रही। इसके उपरांत प्रदर्शनकारियों का शिष्टमंडल मंत्री के निवास पर पहुंचा। मौके पर कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष अजय बवेजा, पार्षद लक्ष्मी देवी, पूर्व पार्षद राज कुमार व ललित कुमार भी मौजूद रहे। मालिकाना हक जनसभा के अध्यख शैलेंद्र कुमार व अन्य ने मंत्री विज को बताया कि कई लोगों के मकानों को कैंटोनमेंट बोर्ड ने ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा जिस जमीन पर वह खेती करते थे वह जमीन भी उनसे छीनने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि तोपखाना परेड में सेना जमीन राज्य सरकार को स्थानांतरित करने के लिए खेती की जमीन की पैमाइश भी नहीं हुई। उन्होंने मांग उठाई की मामले में ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाए। मंत्री विज ने आश्वासन दिया कि लोगों की हर संभव मदद की जा रही है। राज्य सरकार सेना से जमीन के बदले उन्हें राशि प्रदान करेगी।
अंडर पास के नीचे लगा जाम
उधर पैदल मार्च करते हुए तोपखाना परेड के सैकड़ों निवासी मंत्री निवासी पर अंबाला-सहारनपुर रेलमार्ग के नीचे अंडर पास से कूच कर रहे थे। इस दौरान सैकड़ों लोग यहां से गुजरे जिस कारण अंडर पास पर जाम की स्थिति बन गई। जाम लगने की वजह से करीब एक घंटे तक वाहन चालक यहां पर फंसे रहे।