अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। गैस सिलिंडरों से गैस निकाल दूसरे सिलिंडर में भरते हुए पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान कुछ खुलासे हुए हैं। करीब 30 सिलिंडर पुलिस ने छापा मारकर पकड़े थे। यह गैस सिलिंडर अंबाला की पांच अलग-अलग गैस एजेंसियों के थे। लालकुर्ती चौकी पुलिस ने मंगलवार को पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत से मुख्य आरोपी अर्जुन को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है जबकि दूसरे आरोपी करन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस अब यह जानने का प्रयास करेगी कि आरोपी कब से इस धंधे में शामिल थे।
पुलिस जांच में जुट गई है कि आखिर अलग-अलग गैस एजेंसियों के सिलिंडर इतनी मात्रा में ग्वाल मंडी निवासी आरोपी अर्जुन और करन के पास कैसे आए। पुलिस यह जानने का प्रयास करेगी कि सिलिंडरों को कहां-कहां बेचा जाता था और इस धंधे में और कौन-कौन से खिलाड़ी शामिल थे। सिलिंडरों से गैस निकाल दूसरे में भर बेचने के धंधे में क्या किसी एजेंसी संचालक की भी भूमिका थी, फिलहाल पूछताछ के दौरान इसका खुलासा होने की उम्मीद पुलिस को है। मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन को एक दिन के रिमांड पर लिया है जबकि करन को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, धोखाधड़ी व अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया था। लालकुर्ती में डीएसपी बलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारकर यह सिलिंडर बरामद किए थे।